17 सितंबर को हर घर-मंदिर में जलेगा दीया, झारखंड में महीने भर चलेगा मोदी के नाम सेवा अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा झारखंड में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। हर घर में दीया जलाकर लंबी आयु की कामना की जाएगी।

रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन 17 सितंबर को झारखंड में भी उत्सव के रूप में मनाया जायेगा. भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जायेगा. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर अभियान की जानकारी दी.

हर घर और मंदिर में जलाया जायेगा आशीर्वाद का दीया

आदित्य साहू ने बताया कि सात अक्तूबर को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष भी पूरे होंगे. इस अवसर पर विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाया जायेगा.

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को झारखंड के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में प्रधानमंत्री की लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए आशीर्वाद का दीया जलाया जायेगा. प्रत्येक मंडल के एक गांव को सजाकर वहां हर घर में दीप प्रज्ज्वलित किये जायेंगे. इसी दिन भाजयुमो की ओर से रक्तदान शिविर भी लगाया जायेगा.

पूरे महीने होंगे कई कार्यक्रम

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के दौरान चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, हैकाथन एवं इनोवेशन चैलेंज और 25 साल, 25 कहानियां समेत कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.

'25 साल, 25 कहानियां' कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़ी प्रेरक घटनाओं को सामने रखेंगे.

2047 तक विकसित भारत का संकल्प दोहराने की बात

आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी 25 वर्षों से लगातार जनसेवा कर रहे हैं. उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्गों के लिए कई योजनाएं लागू हुई हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इस संकल्प को दोहराया जायेगा.

प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek chandra

झारखंड में पिछले दो दशक से अधिक समय से पत्रकारिता से जुड़े हैं. पत्रकारिता का ककहरा प्रसिद्ध पत्रकार और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश से सीखा है. सम सामयिक विषयों पर कई रिपोर्ट राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित रही हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >