रांची: रांची रेल मंडल की ओर से गुरुवार को पिस्का रेलवे स्टेशन पर विशेष मजिस्ट्रेट टिकट जांच सह जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व रेलवे मजिस्ट्रेट विजय कुमार यादव ने किया, जबकि सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल जेरई के पर्यवेक्षण में टीम ने चार ट्रेनों में सघन जांच की.
अभियान के लिए गठित जांच दल में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक के अलावा 23 टिकट जांच कर्मचारी, छह आरपीएफ और छह जीआरपी जवान शामिल थे. टीम ने पिस्का स्टेशन से गुजरने वाली रांची-लोहरदगा मेमू (68017), लोहरदगा-रांची मेमू (68018), रांची-टोरी मेमू (68027) और सासाराम-रांची एक्सप्रेस (18636) में यात्रियों के टिकट की जांच की.
जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 150 यात्रियों को पकड़ा गया. इसके अलावा बिना बुक किये गये सामान से जुड़े 135 मामले भी सामने आये. कुल 285 मामलों में रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए यात्रियों से जुर्माना वसूला गया.
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और बिना बुकिंग के सामान लेकर ट्रेन में सफर न करें. जांच टीम ने यात्रियों को रेल नियमों का पालन करने के साथ सुरक्षित यात्रा के प्रति भी जागरूक किया.
रेलवे की ओर से कहा गया कि इस तरह के टिकट जांच और जागरूकता अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना है.
यह भी पढें: हटिया-बानो के यात्रियों की बल्ले-बल्ले, 1 सितंबर से रोज चलेगी ट्रेन; किराया महज 65 रुपये
