रांची. राज्य के पारा शिक्षकों को मानदेय में बढ़ोतरी का अवसर मिला है. मानदेय बढ़ोतरी के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आकलन परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है. सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली, 2022 के अनुसार पारा शिक्षकों को आकलन परीक्षा पास करने के लिए चार अवसर मिलेंगे. जैक अब तक दो आकलन परीक्षा ले चुका है.
अब तीसरी आकलन परीक्षा की प्रक्रिया शुरू की गयी है. जैक द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, शिक्षक 25 सितंबर से 15 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं.
परीक्षा शुल्क, आवेदन पोर्टल और मानदेय वृद्धि का लाभ
आवेदन जैक की वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in के माध्यम से किया जा सकेगा. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व दिव्यांग कोटि के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये तथा अन्य कोटि के अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है.
परीक्षा पास करने वाले पारा शिक्षकों के मानदेय में 10 फीसदी की बढ़ोतरी होगी. जैक की ओर से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि और परीक्षा की तिथि बाद में जारी की जायेगी.
दो परीक्षाओं में 52 हजार से अधिक परीक्षार्थी हुए शामिल
झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए अब तक आयोजित दो आकलन परीक्षाओं में 52,172 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं. इनमें 36,677 शिक्षक सफल हुए हैं. पहली आकलन परीक्षा वर्ष 2023 में हुई थी. नियमावली के अनुसार पारा शिक्षकों को परीक्षा पास करने के लिए कुल चार अवसर दिये गये हैं. अब तीसरी परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होने के बाद शिक्षकों को परीक्षा पास कर मानदेय में बढ़ोतरी पाने का एक और अवसर मिलेगा.
पहली आकलन परीक्षा (2023) का प्रदर्शन
पहली आकलन परीक्षा 30 जुलाई 2023 को हुई थी. इसमें कक्षा एक से पांच और कक्षा छह से आठ के पारा शिक्षक शामिल हुए थे. लेवल-1 में 35,418 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 25,614 सफल हुए. वहीं लेवल-2 में 6,035 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 5,339 सफल हुए. इस तरह पहली परीक्षा में कुल 41,453 शिक्षक शामिल हुए और 30,953 सफल हुए.
ये भी पढ़ें: रांची के हटिया में विवाद ने लिया हिंसक रूप, टेंपो चालक की पीटकर हत्या; आरोपी गिरफ्तार
वर्ष 2025 की दूसरी आकलन परीक्षा के आंकड़े
इसके बाद जनवरी 2025 में दूसरी आकलन परीक्षा हुई. इसमें प्राथमिक स्तर पर 9,449 शिक्षक शामिल हुए, जिनमें 4,910 सफल हुए. कक्षा छह से आठ के स्तर पर 1,270 शिक्षक परीक्षा में शामिल हुए और 814 सफल रहे. दोनों स्तरों को मिलाकर 10,719 शिक्षक परीक्षा में शामिल हुए और 5,724 सफल हुए. प्राथमिक स्तर पर सफलता दर करीब 52 फीसदी, जबकि कक्षा छह से आठ में करीब 64 फीसदी रही.
अब तक 36 हजार से अधिक शिक्षक हो चुके हैं सफल
दोनों परीक्षाओं के आंकड़ों को मिलाने पर अब तक 52,172 परीक्षा-उपस्थिति और 36,677 सफलता दर्ज होती है. हालांकि, इसे 36,677 अलग-अलग पारा शिक्षकों की संख्या नहीं माना जा सकता. चार अवसर के प्रावधान के कारण पहले परीक्षा में असफल रहे शिक्षक अगली आकलन परीक्षा में दोबारा शामिल हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें: CCL में पियुन के 24 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आंतरिक अधिसूचना जारी, 5 अक्टूबर तक आवेदन का मौका
