रांची : मेडिकल काउंसेलिंग कमेटी (एमसीसी) की ओर से नीट यूजी 2026 काउंसेलिंग के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है. पहले राउंड की काउंसेलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पांच अगस्त से शुरू होगी. 12 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन व शुल्क भुगतान कर सकेंगे. च्वॉइस फिलिंग छह से 13 अगस्त तक होगी. सीट आवंटन की प्रक्रिया 13 से 16 अगस्त तक चलेगी और परिणाम 17 अगस्त को जारी होगा. चयनित अभ्यर्थियों को 18 से 22 अगस्त तक संबंधित संस्थानों में रिपोर्ट करना होगा. इसके माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएससी नर्सिंग कोर्स में नामांकन लिए जायेंगे. इसमें ऑल इंडिया कोटा के 15 प्रतिशत सीटों, डिम्ड यूनिवर्सिटी, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, एम्स, जीपमर शामिल होंगे. नीट क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थी काउंसेलिंग में शामिल हो सकेंगे. इसके साथ ही स्टेट कोटा के सीटों पर नामांकन के लिए भी तिथि की घोषणा कर दी गयी है.
दूसरे राउंड का रजिस्ट्रेशन 29 अगस्त तक
सेंट्रल काउंसेलिंग के तहत दूसरे राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 25 से 29 अगस्त तक होगा. च्वॉइस फिलिंग 25 से 30 अगस्त तक कर सकेंगे. सीट आवंटन का परिणाम दो सितंबर को जारी किया जायेगा और रिपोर्टिंग 3 से 8 सितंबर तक होगी. तीसरे राउंड की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 11 से 15 सितंबर तक चलेगी. च्वॉइस फिलिंग 11 से 16 सितंबर तक कर सकेंगे. सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 18 सितंबर को जारी होगा. 19 से 26 सितंबर तक रिपोर्टिंग की प्रक्रिया होगी. स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 28 से 30 सितंबर तक होगा. सीट आवंटन परिणाम तीन अक्तूबर को घोषित किया जायेगा. रिपोर्टिंग की प्रक्रिया 4 से 10 अक्तूबर तक होगी.
ये भी पढ़ें: गैंगस्टर प्रिंस खान के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा चलाता था खौफ का साम्राज्य, पाकिस्तान से भी जुड़ा है तार
काउंसेलिंग की प्रक्रिया 13 से 22 अगस्त तक होगी
ऑल इंडिया कोटा के साथ स्टेट कोटा के 85 प्रतिशत सीटों पर भी नामांकन की प्रक्रिया होगी. स्टेट कोटा के पहले राउंड की काउंसेलिंग 13 से 22 अगस्त तक होगी. दूसरे चरण की काउंसेलिंग 31 अगस्त से आठ सितंबर, तीसरे चरण की काउंसेलिंग 16 सितंबर से 26 सितंबर और स्ट्रे वैकेंसी राउंड तीन अक्तूबर से पांच अक्तूबर तक आयोजित की जायेगी. स्टेट कोटा के सीटों पर काउंसेलिंग के लिए जेसीईसीइबी की ओर से विस्तृत शेड्यूल जारी किया जायेगा. इसके साथ ही स्टेट कोटा के सीटों पर नामांकन के लिए भी तिथि की घोषणा कर दी गयी है.
ये भी पढ़ें: धनबाद से गुमला जेल तक सुजीत सिन्हा का 'राज': सलाखों के पीछे चलती थी पार्टी, पैसे के दम पर बना रखा था सिस्टम
