मैक्लुस्कीगंजल: मैक्लुस्कीगंज स्थित लिटिल स्टार एकेडमी में बुधवार को राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद विद्यार्थियों ने तिरंगे को सलामी देकर उसके सम्मान और महत्व को जाना.
इस अवसर पर देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए. छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की. विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पिरामिड आकर्षण का केंद्र रहा. कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव बनाए रखने के प्रति जागरूक किया.
विद्यालय की प्राचार्या पूर्णिमा कुमारी ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रध्वज का सदैव सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया.
इस अवसर पर अमृता कुमारी, शांति देवी, माधुरी देवी, शिखा कुमारी, लालकिशोर यादव, हर्ष कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
