रांची : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मलेरिया रिसर्च (आईसीएमआर) रांची जिला के अनगढ़ा में मॉडल रूरल हेल्थ रिसर्च यूनिट सेंटर स्थापित करेगा. स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी बुधवार शाम चार बजे बिल्डिंग का शिलान्यास करेंगे. यह संस्थान स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के तहत स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के तौर पर काम करेगा.
कार्यक्रम में ये होंगे शामिल
कार्यक्रम में खिजरी विधायक राजेश कच्छप, आईसीएमआर के निदेशक डॉ अनूप अन्विकार, भारत सरकार के उप सचिव, स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग सुश्री धारकत आर लुईकांग, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, आईसीएमआर- एनएमआईआर के फील्ड यूनिट रांची के प्रभारी अधिकारी डॉ प्रवीण कुमार त्रिपाठी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों, आमंत्रित अतिथि के साथ अन्य प्रतिभागियों के भी शामिल होंगे.
ग्रामीण और आदिवासी बहुल इलाके में अनुसंधान बढ़ाना मकसद
यह आईसीएमआर और एनएमआईआर के साझा प्रयास से स्थापित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी बहुल इलाके में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान को बढ़ावा देना है. इससे स्थानीय जनजातीय और ग्रामीण आबादी की स्वास्थ्य समस्याओं का डेटा जुटाना है.
