रांची: झारखंड में मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया के तहत राज्य कोटे की सीटों पर दूसरे राउंड की ऑनलाइन काउंसिलिंग आगे बढ़ गई है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीबी) ने दूसरे राउंड का प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया है. जारी सूची में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस पाठ्यक्रमों के लिए कुल 287 छात्र-छात्राओं को सीट आवंटित की गई है.
ये भी पढ़ें- डोरंडा में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत, 6 राउंड फायरिंग; अल्ताफ अंसारी केस से जुड़ रहे तार
18 सितंबर तक डाउनलोड कर सकेंगे सीट अलॉटमेंट लेटर
दूसरे राउंड में सीट पाने वाले छात्र-छात्राएं 18 सितंबर तक अपना प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे. इसके बाद उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित संस्थान में आगे की कार्रवाई पूरी करनी होगी. सीट आवंटित होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और नामांकन भी 18 सितंबर तक पूरा किया जाएगा. अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी, ताकि उनका दाखिला सुनिश्चित हो सके.
रिक्त सीटों पर शुरू होगा तीसरा राउंड
दूसरे राउंड की काउंसिलिंग और नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बची हुई सीटों के लिए तीसरे राउंड की ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू की जाएगी. इसके तहत रिक्त रहने वाली मेडिकल सीटों पर अगले चरण में अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की जाएगी.
ये भी पढ़ें- हाथियों के इलाज और रेस्क्यू के लिए Bokaro में बनेगा विशेष केंद्र, इन जिलों में भी तैयारी
