क्रांति की रिपोर्ट
रांचीः मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने दूसरे राउंड की मेडिकल काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है. इसके तहत केंद्रीय काउंसलिंग की दूसरे राउंड की प्रक्रिया तीन सितंबर से शुरू होगी. नीट में सफल अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के अनुसार काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
3 से 8 सितंबर तक होगा रजिस्ट्रेशन
दूसरे राउंड की काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान की प्रक्रिया तीन से आठ सितंबर तक चलेगी. वहीं, च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया भी तीन से नौ सितंबर तक होगी. अभ्यर्थी नौ सितंबर को सुबह 10 बजे तक च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें- रिम्स में MBBS की 250 सीटों पर आज से नामांकन, जानें किस दिन किसका होगा एडमिशन
11 सितंबर को जारी होगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट
सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया नौ और 10 सितंबर को पूरी की जाएगी. दूसरे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 11 सितंबर को जारी किया जाएगा. सीट मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 12 से 18 सितंबर के बीच संबंधित मेडिकल कॉलेज या संस्थान में रिपोर्टिंग और ज्वाइनिंग करनी होगी.
7 सितंबर से शुरू हो सकती है स्टेट काउंसलिंग
केंद्रीय काउंसलिंग के माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में नामांकन लिया जाएगा. इसमें ऑल इंडिया कोटा की 15 प्रतिशत सीटों के अलावा डीम्ड यूनिवर्सिटी, सेंट्रल यूनिवर्सिटी, एम्स और जीपमर की सीटें शामिल हैं. नीट क्वालिफाई करनेवाले अभ्यर्थी इस काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे. वहीं, राज्य स्तर की काउंसलिंग के दूसरे राउंड की प्रक्रिया सात सितंबर से शुरू होने की संभावना है. इसके लिए संबंधित प्राधिकरण की ओर से अलग से विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- टूटे मकानों की मरम्मत के लिए सरकार ने खोला खजाना, धनबाद-बोकारो को 30-30 लाख रुपए जारी
