मैट्रिक व इंटर के टॉपरों को मिला सम्मान
कुरमी उत्थान समिति ने गुरुवार को न्यू स्वर्ण रेखा पब्लिक स्कूल गुड्डू में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया
प्रतिनिधि, ओरमांझी.
कुरमी उत्थान समिति ने गुरुवार को न्यू स्वर्ण रेखा पब्लिक स्कूल गुड्डू में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया. उद्घाटन पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने दीप जला कर किया. समारोह में मुख्य अतिथि डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, विशिष्ट अतिथि बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, जिप सदस्य सरिता देवी व कुरमी उत्थान समिति के केंद्रीय संरक्षक अमर नाथ चौधरी ने वर्ष 2026 के मैट्रिक व इंटर में 80% से अधिक अंक प्राप्त करनेवाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भारत का संविधान पुस्तक, प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. मुख्य अतिथि विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा कि शिक्षा ही जीवन का आधार है. आवश्यकता के अभाव में भी दृढ़ इच्छा हो तो मंजिल प्राप्त किया जा सकता है. स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि इंटर कॉलेज में 1600 रुपये के अभाव में केमेस्ट्री विषय से इंग्लिश विषय लिया था. आज कई बच्चे पढ़ाई करना चाहते तो हैं, लेकिन उन्हें पैसा का अभाव रहता है. मैं पैसे के अभाव में भी हौसला को ऊपर रखा. मैं गरीब बच्चों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद के लिए हमेशा तैयार हूं. वहीं विशिष्ट अतिथि बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने कहा शिक्षा ही समाज कि सबसे बड़ी ताकत है. मेहनत करने वाले कि अलग पहचान होती है. पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों को हौसला बढ़ता है. आज लड़के से ज्यादा लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. मौके पर अजीत कुमार, समुंदर पाहन, तीर्थनाथ महतो, अलखनाथ महतो, कामेश्वर महतो, अरविंद कुमार बब्लू, बालक महतो, शंकर महतो, जितेंद्र महतो, गणेश किशोर महतो, रामलखन महतो, राजेंद्र चौधरी, धनीलाल महतो, बीरेंद्र वंशवार, कामेश्वर महतो व छात्र-छात्राएं मौजूद थे.
स्वर्ण रेखा पब्लिक स्कूल गुड्डू में प्रतिभा सम्मान समारोहB