Ranchi News : धनतेरस पर सजा बर्तन बाजार, हर बजट में चमक

धनतेरस के लिए राजधानी रांची का बर्तन बाजार पूरी तरह सज चुका है. चर्च रोड, अपर बाजार, डोरंडा समेत अन्य इलाकों में बर्तनों की दुकानें सजी हुई हैं.

रांची के बर्तन बाजार में पीतल-तांबे की चमक, हर बजट के लिए सजी रेंज

रांची. धनतेरस के लिए राजधानी रांची का बर्तन बाजार पूरी तरह सज चुका है. चर्च रोड, अपर बाजार, डोरंडा समेत अन्य इलाकों में बर्तनों की दुकानें सजी हुई हैं. धनतेरस को लेकर दुकानों में नयी रेंज पेश की गयी है. पीतल, कांसा और स्टील के बर्तनों की कई नयी वैरायटी उपलब्ध हैं. वहीं, कांस्य और पीतल के बर्तन सेट दीपावली को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से मंगाये गये हैं. धनतेरस पर ज्यादातर लोग पीतल के बर्तन खरीदना शुभ मानते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए बाजार में पारंपरिक पीतल के बर्तनों के सेट भी रखे गये हैं. इसके अलावा पीवीडी गोल्ड प्लेटेड बर्तन भी बाजार में उपलब्ध हैं, जो बिल्कुल अलग लुक दे रहे हैं. इन बर्तनों को झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी मंगाया गया है.

जीएसटी घटने से बढ़ी सेल

बर्तन विक्रेताओं का कहना है कि जीएसटी घटने का असर बर्तन बाजार पर भी सकारात्मक पड़ा है. टैक्स में कमी के कारण बिक्री में बढ़ोतरी हुई है. अधिकतर ग्राहक स्टील, पीतल और तांबे के बर्तन खरीद रहे हैं. स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण लोग अब तांबे के बर्तन को प्राथमिकता दे रहे हैं. इसी वजह से कुकवेयर ब्रास में विशेष ऑर्डर दिये गये हैं, जो कॉपर और जिंक के मिश्रण से तैयार किये गये हैं. इनकी मांग काफी अधिक है.

हर बजट के लिए उपलब्ध बर्तनों की रेंज

ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बाजार में हर रेंज के बर्तनों के सेट उपलब्ध हैं. स्टील के बर्तन सेट से लेकर तांबे और पीतल के सेट तक सभी प्रकार के डिजाइन दुकानों में उपलब्ध हैं. लोगों के बजट के अनुसार खरीदारी की जा सकती है. दुकानदारों ने बताया कि इस बार नये-नये डिजाइन पेश किये गये हैं, जिन्हें ग्राहक काफी पसंद कर रहे हैं.

तांबे और पीतल के डिनर सेट की मांग में बढ़ोतरी

दीपावली को ध्यान में रखते हुए बाजार में खास कांस्य और पीतल के डिनर सेट उपलब्ध हैं. ये सेट ‘सेट ऑफ वन’, ‘सेट ऑफ टू’ और ‘सेट ऑफ सिक्स’ जैसी विभिन्न रेंज में मिल रहे हैं. स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण इन डिनर सेटों की मांग लगातार बढ़ रही है.

झारखंड के पारंपरिक बर्तन भी आकर्षण का केंद्र

बाजार में कांसे और पीतल के बर्तन झारखंड के कई जिलों से मंगाये गये हैं, जिनकी डिमांड काफी है. थाली, कटोरी, विजय घंट जैसे पारंपरिक बर्तन खूंटी के झरियागढ़, हजारीबाग के विष्णुगढ़ और करियातपुर और गुमला के पालकोट व रामजड़ी से आये हैं. ये बर्तन राजधानी के कई दुकानों में उपलब्ध हैं और ग्राहकों को खूब भा रहे हैं.

कई राज्यों से पहुंचा माल

राजधानी के बाजार में इस बार झारखंड के अलावा दिल्ली, मुरादाबाद, मथुरा, बनारस, जोधपुर, पटना, पुरुलिया, अहमदाबाद, मुंबई, चेन्नई, अलीगढ़, मुर्शीदाबाद, संबलपुर और बिलासपुर समेत कई राज्यों से भी बर्तन मंगाये गये हैं.

किलो के हिसाब से बर्तनों की रेंज

स्टील बर्तन : 250 से 600 रुपये प्रति किलो

ब्रास (पीतल) : 800 से 1200 रुपये प्रति किलो

कांसे के बर्तन : 800 से 1200 रुपये प्रति किलो

इनमें हांडी, बाल्टी, बरगुना, कठौत, सूप, टोपिया, पतीली, ग्लास, कटोरी, थाली सहित अन्य पारंपरिक सामान शामिल हैं.

कारीगरी ने बढ़ाई खूबसूरती

स्टील और तांबे के बर्तनों पर इस बार खूबसूरत कारीगरी की मांग बढ़ गयी है. दुकानों में ऐसे कई सेट पेश किये गये हैं, जिन पर इम्बॉस आर्ट और पंचिंग आर्ट की नक्काशी की गयी है. विशेष रूप से पीतल के बर्तनों पर की गयी बारीक डिजाइन बाजार की शोभा बढ़ा रही है.

बर्तन का प्रकारकीमत

स्टील डिनर सेट3000-15000

ब्रास (पीतल) डिनर सेट25000-60000

कांसे का डिनर सेट 50000-120000

कॉपर ग्लास 200-1000 प्रति पीस

पीवीडी गोल्ड प्लेटेड बर्तन5000-20000

कॉपर वाटर पॉट2000-10000

कॉपर वाटर डिस्पेंसर 3000-10000

कीमतें (रुपये में)

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PUJA KUMARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >