डकरा. लगभग 500 करोड़ की लागत से एनके एरिया की केडीएच में साइलो प्रोजेक्ट बना रही तेलंगाना की कंपनी मधुकाॅन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड प्रबंधन ने मजदूर नेता अब्दुल्ला अंसारी पर अपने निजी लाभ के लिए कंपनी को ब्लैकमेल कर काम बाधित करने का आरोप लगाया है. 15 नवंबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना का ऑनलाइन शिलान्यास किया था. 28 फरवरी तक इसका काम पूरा होने की बात कही जा रही है. इस बीच कंपनी ने एनके एरिया के महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता को पत्र लिख कर बताया है कि अपने निजी लाभ के लिए अब्दुल्ला अंसारी यहां साजिश रच रहे हैं. अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बना रहे हैं. कंपनी ने इनके कहने पर अब तक 35-36 लोगों को नियोजन दिया है, सारा इंटरप्राइजेज के नाम पर 40 लाख का ठेका दिया है और 14 अन्य लोगों को रोजगार इसलिए नहीं दिया गया, क्योंकि प्रोजेक्ट अंतिम पड़ाव पर है. कहा गया कि परियोजना का काम तय मानक एनआइटी के आधार पर किया जा रहा है, जिसकी देखरेख सीसीएल प्रबंधन, डीजीएमएस व अन्य संबंधित सरकारी विभागों द्वारा की जा रही है और कहीं कोई गड़बड़ी नहीं है, बावजूद वे जबरन माहौल खराब कर सांप्रदायिक तनाव पैदा करके परियोजना को बाधित करने की साजिश रच रहे हैं. कहा गया कि अब्दुल्ला एक आपराधिक संरक्षण प्राप्त व्यक्ति हैं, जो अपनी दबंगई से कोई अप्रिय वारदात को अंजाम देकर अशांति फैलाने के प्रयास में लगे हुए हैं. महाप्रबंधक से कार्रवाई करने की मांग की गयी है. पत्र की प्रतिलिपि सीसीएल सीएमडी, डीटीओ, डीटीसी, रांची एसएसपी, खलारी डीएसपी और खलारी इंस्पेक्टर को भी भेजी गयी है.
कंपनी मजदूरों का शोषण कर रही है : अब्दुल्ला
अब्दुल्ला अंसारी ने बताया कि बगैर सुरक्षा व्यवस्था के कंपनी मजदूरों से लगातार नियम विरुद्ध 12-14 घंटे जबरन काम करा रही है, जिससे आये दिन दुर्घटना हो रही है. पिछले दिनों एक मजदूर की मौत के बाद 15 दिन के भीतर एकमुश्त मुआवजा देने की घोषणा करके राशि किस्तों में दे रही है. बातचीत करने के लिए जाने पर कोई बात नहीं करता और जब आंदोलन की घोषणा कर दी गयी है, तो अनर्गल आरोप लगा कर असल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है.सुरक्षा व्यवस्था में काम हो रहा है : जीएम
मधुकाॅन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के महाप्रबंधक ईदरिश अंसारी ने कहा कि परियोजना में पूरी सुरक्षा व्यवस्था में काम हो रहा है. एनके एरिया के महाप्रबंधक सहित सभी संबंधित अधिकारी इसकी देखरेख कर रहे हैं. हाल के दिनों में जो मजदूर को चोट लगी थी, उसका बेहतर इलाज भी कंपनी करा रही है. क्षेत्र में अब्दुल्ला अंसारी के अलावा किसी जनप्रतिनिधि को कोई शिकायत नहीं है.
स्लग:::::मधुकाॅन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड प्रबंधन ने मजदूर नेता पर लगाये गंभीर आरोप
500 करोड़ की लागत से एनके एरिया की केडीएच में साइलो प्रोजेक्ट बना रही कंपनी
कंपनी ने एनके एरिया के महाप्रबंधक को पत्र लिख कर की मजदूर नेता की शिकायत
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
