रांची. लालपुर चौक के समीप खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोरों ने लैपटॉप, 40 हजार नकद सहित अन्य सामान की चोरी कर ली. घटना को लेकर कांटाटोली निवासी विश्वजीत पाल ने लालपुर थाना में केस दर्ज कराया है. घटना मंगलवार की रात की है. विश्वजीत अपनी कार राजस्थान कलेवालय के समीप खड़ी कर तिवारी होटल में खाना पैक कराने गये थे. इसी दौरान कार के बाएं फ्रंट का शीशा तोड़कर घटना को अंजाम दिया गया. यह घटना पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गयी है. पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों चोरों का सुराग पाने की कोशिश में जुटी है.
दहेज प्रताड़ना के आरोपी जवान के खिलाफ चार्जशीट
रांची. न्यायिक दंडाधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव की अदालत में पत्नी के साथ मारपीट व दहेज प्रताड़ना के आरोपी जैप-2 के जवान चंदन कुमार सिंह के खिलाफ सदर थाना की पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है. घटना को लेकर चंदन की पत्नी ने दो जनवरी 2025 को सदर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी में चंदन के पिता रामानुज सिंह एवं मां अंतर देवी को भी आरोपी बनाया गया था. लेकिन चार्जशीट सिर्फ चंदन के खिलाफ दाखिल की गयी है. प्राथमिकी में कहा गया है कि हंटरगंज चतरा निवासी चंदन सिंह के साथ 20 सितंबर 2017 को शादी हुई थी. उस समय वह बेरोजगार था. तैयारी कर रहा था. शादी के छह महीने बाद उसकी नौकरी जैप में हो गयी. दो साल सब कुछ ठीक रहा. दो बच्चे भी हुए. इसके बाद ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. दहेज नहीं देने पर मारपीट की जाने लगी. महिला थाना, खेलगांव थाना एवं सदर थाना में समझौता हुआ, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा. अंतत: केस दर्ज कराया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
