रांची, (राणा प्रताप की रिपोर्ट): झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने ‘झारखंड एएनएम प्रतियोगिता परीक्षा-2025’ के तहत एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. आयोग ने परीक्षा के आधार पर शॉर्टलिस्टेड किए गए लगभग 3600 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच (Document Verification) का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. यह प्रक्रिया आगामी 18 मई से शुरू होकर 26 मई 2026 तक आयोग के कार्यालय में चलेगी.
दो पालियों में होगा वेरिफिकेशन, समय का रखें खास ध्यान
आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रमाण पत्रों की जांच प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक चलेगी. जबकि द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक चलेगी. अभ्यर्थियों को कड़ा निर्देश दिया गया है कि वे अपनी संबंधित पाली शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले जांच स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं. समय पर उपस्थित न होने से प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हो सकती है.
Also Read: CBSE 12th Result: केंद्रीय विद्यालय पतरातू के विज्ञान और आर्ट्स संकाय का शानदार प्रदर्शन
इन दस्तावेजों को साथ लाना अनिवार्य
- ऑनलाइन आवेदन में भरी गई प्रविष्टियों से संबंधित सभी मूल प्रमाण पत्र
- सभी प्रमाण पत्रों की एक-एक स्व-हस्ताक्षरित छायाप्रति
- हाल ही में खींची गई दो पासपोर्ट आकार की रंगीन तस्वीरें
अनुपस्थित रहने पर रद्द हो सकती है उम्मीदवारी
जेएसएससी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होता है या वांछित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में विफल रहता है, तो आयोग उसकी अभ्यर्थिता (Candidacy) समाप्त करने पर निर्णय ले सकता है. हालांकि, जो अभ्यर्थी 18 से 26 मई के बीच किसी अनिवार्य कारण से अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें 2 जून 2026 (पूर्वाह्न 11:00 से अपराह्न 04:00 बजे तक) एक अंतिम अवसर दिया जाएगा. इस तिथि के बाद कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा और संबंधित अभ्यर्थी की दावेदारी स्वतः रद्द मान ली जाएगी.
महत्वपूर्ण निर्देश
आयोग ने यह भी साफ किया है कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाए जाने का अर्थ अंतिम चयन नहीं है. रिक्तियों की आवश्यकता के अनुसार आयोग भविष्य में अन्य अनुक्रमांक वाले अभ्यर्थियों को भी जांच के लिए आमंत्रित कर सकता है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे विस्तृत जानकारी और अपडेट के लिए नियमित रूप से जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करते रहें.
