बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, कहा- "परीक्षा रद्द करना ढोंग, CBI जांच से ही बेनकाब होंगे सफेदपोश"

झारखंड में जेएसएससी और जेपीएससी भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कैबिनेट के परीक्षा रद्द करने के फैसले को छात्रों को भटकाने की सोची-समझी रणनीति बताया.

रांची : झारखंड में जेएसएससी और जेपीएससी भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला है. भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कैबिनेट के परीक्षा रद्द करने के फैसले की मंशा पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि महज परीक्षा रद्द कर देना समस्या का हल नहीं है, बल्कि यह छात्रों को भटकाने की एक सोची-समझी रणनीति है. बाबूलाल मरांडी के अनुसार, छात्रों की मुख्य मांग शुरू से ही पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच की रही है, लेकिन सरकार इससे लगातार भाग रही है.

कोर्ट का सहारा लेकर दोनों हाथों में लड्डू चाहती है सरकार

बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार टीडीपीएल (TDPL) कंपनी की परीक्षाओं और जेएसएससी सीजीएल (JSSC CGL) को रद्द कर अपनी पीठ थपथपाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी चाल चल रही है जिससे वह एक तरफ छात्रों को शांत रख सके और दूसरी तरफ मामला कोर्ट में जाने पर कानूनी प्रक्रिया की आड़ ले सके. मरांडी ने सीआईडी (CID) की पूर्व जांचों पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की जांच एजेंसियां केवल सच को दबाने और असली दोषियों व बिचौलियों को बचाने का काम कर रही हैं.

ये भी पढ़ें: JSSC CGL परीक्षा रद्द होने पर फूटा युवाओं का गुस्सा, कहा- अब हमारे पास कुछ नहीं बचा

JSSC चेयरमैन, CID अफसरों और राहुल गांधी पर साधा निशाना

झारखंड के नेता प्रतिपक्ष ने जेएसएससी (JSSC) चेयरमैन और जांच में शामिल CID अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि साल 2024 से लगातार विवादों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसके साथ ही बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड सरकार में साझेदार होने के कारण वे युवाओं के मुद्दे पर पूरी तरह खामोश हैं. उन्होंने कहा कि जब तक सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए जाते, तब तक भाजपा युवाओं के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी.

ये भी पढ़ें: JSSC-CGL विवाद पर राज्यसभा सांसद नथवाणी की CM को खास सलाह, कहा- चयनित छात्रों के साथ न हो नाइंसाफी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >