जेएससीए स्टेडियम में भगदड़: घायलों को राज सहित अलग-अलग अस्पतालों में कराया गया भर्ती

Ranchi: रांची के JSCA स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान हुई भगदड़ में कई दर्शक घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल राज अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. प्रशासन घटना की जांच में जुट गया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

5 को राज हॉस्पिटल, 2 सदर अस्पताल और एक एचईसी पारस के इमरजेंसी में भर्ती

बिपिन सिंह
Ranchi: जेएससीए स्टेडियम में मंगलवार को क्रिकेट मैच के दौरान मची भगदड़ में घायल हुए दर्शकों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से मेन रोड स्थित राज मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के इमरजेंसी में लाया गया. दो घायल दर्शकों को सदर अस्पताल में जबकि एक मरीज को पारस – एचईसी में त्वरित उपचार के लिए भर्ती कराया गया. सदर अस्पताल में जो युवक भर्ती कराया गया उसका नाम दुर्गेश है. अचानक हुए भगदड़ से वह नीचे गिर गया जिससे लोग उसके ऊपर चढ़ गए. उसके बाएं पैर के निचले हिस्से में चोट लगी है.

तत्काल मिला प्राथमिक उपचार

राज अस्पताल के जीएम अरविंद कुमार ने कहा कि मौके पर से पांच लोगों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है. इनमें तीन पुरुष जबकि दो महिला पेशेंट हैं. उपचार संबंधित निजता का ख्याल रखते हुए उन्होंने मरीज के नाम का उल्लेख नहीं किया. अस्पताल आने पर उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार, मरहम-पट्टी और गंभीर स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा तुरंत मेडिकल सहायता प्रदान की गई. हालांकि, सभी खतरे से बाहर हैं.

क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम तैनात

उन्होंने कहा की स्टेडियम से पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मरीज का डॉक्टर के रिकमेंडेशन पर सर, पैर, छाती, लोअर एब्डोमेन सहित अन्य अंगों की जांच की गई. इनमें से कुछ का सीटी स्कैन भी किया गया है. घायलों के उपचार के लिए आपात स्थिति से निबटने वाले डॉक्टरों और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम और पर्याप्त संख्या में नर्सिंग और पैरामेडिक्स टीम को लगाया गया है. सभी मरीज खतरे से बाहर हैं. इस बात की सूचना जिला प्रशासन को भी दे दी गई है.

महिला पेशेंट को पेट और आंतों में गंभीर चोट

एक महिला पेशेंट को पेट और आंतों में गंभीर चोट लगी है. अस्पताल प्रबंधन सभी मरीजों की हालत पर कड़ी नजर बनाए हुए है. वहीं, मरीजों की संख्या को देखते हुए सदर अस्पताल से दो एम्बुलेंस को जेएससीए स्टेडियम की ओर रवाना किया गया. सूचना मिलने के बाद डायल 108 से भी दो एम्बुलेंसों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया. देर रात तक सूचना पाकर बड़ी संख्या में परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और घायलों के बारे में जानकारी लेते रहे.

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान का बयान आया सामने

इस पूरी घटना पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि JSCA स्टेडियम में झारखंड प्रीमियर लीग (JPL) के फाइनल टी-20 मैच के दौरान कुछ लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही मैंने स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सक्रिय कर दिया है. सिविल सर्जन एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं. एंबुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है और सभी घायलों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. घायलों के बेहतर उपचार के लिए अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है. मैं स्वयं लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहा हूं और स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ राहत एवं उपचार कार्य में जुटा हुआ है. घबराने की आवश्यकता नहीं है, सभी घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.

ये भी पढें…

JSCA स्टेडियम में जेपीएल फाइनल के दौरान भगदड़, कई घायल; गेट पर तोड़फोड़

झारखंड टी20 लीग फाइनल 2026: कब, कहां और कैसे फ्री में देखें छोटानागपुर रॉयल्स vs जमशेदपुर स्टीलर्स का मुकाबला?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >