JPSC PT Exam, रांची (संजीव सिंह की रिपोर्ट): झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी)-2025 के सफल आयोजन के मात्र 24 घंटे के भीतर आधिकारिक मॉडल उत्तर-कुंजी (Answer Key) जारी कर दी है. आयोग ने सामान्य अध्ययन पेपर-1 और पेपर-2 की उत्तर-की वेबसाइट पर अपलोड करते हुए अभ्यर्थियों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं. परीक्षार्थी 24 अप्रैल 2026 की शाम 5 बजे तक अपने साक्ष्य, आधार और प्रामाणिक स्रोत के साथ आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
केवल ओटीआर पोर्टल से ही स्वीकार होंगी आपत्तियां
आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी किया है कि अभ्यर्थी केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध ओटीआर (OTR) पोर्टल (https://jpscotr.com) के माध्यम से ही अपनी आपत्ति दर्ज कर सकेंगे. इसके लिए अभ्यर्थियों को पोर्टल पर लॉगिन करना होगा. आयोग ने कड़े शब्दों में कहा है कि ईमेल या किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही, आपत्ति दर्ज करते समय संबंधित प्रश्न के सही उत्तर के समर्थन में दस्तावेजी प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.
564 केंद्रों पर हुई परीक्षा, भारी संख्या में अनुपस्थिति
यह परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को राज्य भर के 564 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए कुल 2,17,104 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनके लिए आयोग ने प्रवेश पत्र जारी किए थे. हालांकि, परीक्षा के दिन केंद्रों पर उपस्थिति काफी कम रही. प्रथम पाली में मात्र 1,10,973 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि दूसरी पाली में यह संख्या घटकर 1,10,875 रह गई. आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि कुल 1,06,229 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जो कुल आवेदकों का लगभग आधा हिस्सा है.
मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार का संभावित कैलेंडर
प्रारंभिक परीक्षा के संपन्न होते ही आयोग अब मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गया है. वर्तमान कैलेंडर के अनुसार, 103 पदों पर बहाली के लिए सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की संभावित तिथि 2, 3 और 4 मई 2026 निर्धारित की गई है. वहीं, सफल अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 16 से 19 जून 2026 के बीच प्रस्तावित हैं. हालांकि, अभ्यर्थियों और विशेषज्ञों का मानना है कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम और आपत्तियों के निस्तारण में लगने वाले समय को देखते हुए इन तिथियों में बदलाव की प्रबल संभावना है.
