Ranchi समेत झारखंड के शहरों का होगा विस्तार, स्मार्ट सिटी की तर्ज पर बनेगी सैटेलाइट टाउनशिप

झारखंड में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के मद्देनजर अब स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भूमि, कनेक्टिविटी और रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर योजना बनाने के निर्देश दिए हैं.

Jharkhand Satellite Township: राज्य में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए अब शहरीकृत जिलों में स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की जाएगी. इसके लिए संबंधित जिलों में उपलब्ध भूमि, आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी, नागरिक सुविधाओं, रोजगार की संभावनाओं और भविष्य की आबादी की जरूरतों का आकलन किया जाएगा. इसके बाद सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की व्यावहारिक संभावनाओं का अध्ययन कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में ग्रेटर रांची डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीआरडीए) और रांची स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत भूमि से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से शहरीकरण हो रहा है. ऐसे में शहरों के विस्तार की योजना अभी से तैयार करने की जरूरत है, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सुव्यवस्थित विकास किया जा सके.

ये भी पढ़ें- Jharkhand Weather Update: झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून, 5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

रांची स्मार्ट सिटी के विस्तार की भी बनेगी योजना

मुख्यमंत्री ने रांची स्मार्ट सिटी के भविष्य में विस्तार की संभावनाओं को लेकर भी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि रांची के दीर्घकालिक और संतुलित विकास के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम करना जरूरी है.

भविष्य में एचईसी के साथ भूमि समेत अन्य विषयों पर बातचीत की संभावना पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इससे जुड़े सभी पहलुओं का अध्ययन कर आवश्यक तैयारी करने को कहा. उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी जैसी परियोजनाओं से शहरी आधारभूत संरचना मजबूत होगी. इसके साथ ही निवेश, रोजगार, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को भूमि संबंधी कार्यों समेत सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में बेहतर समन्वय के साथ तेजी लाने और नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया.

ये भी पढ़ें- बोरिंग कराने से पहले अब लेनी होगी निगम से अनुमति, बिना परमिशन लगेगा 1 लाख तक जुर्माना

आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी ध्यान में रखें- सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास की हर योजना में वर्तमान जरूरतों के साथ आनेवाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए. सरकार का लक्ष्य ऐसा आधुनिक, सुरक्षित, समावेशी और सुव्यवस्थित शहरी परिवेश तैयार करना है, जहां नागरिकों का जीवन सुगम हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें.

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, उद्योग सचिव अरवा राजकमल, राजस्व सचिव चंद्रशेखर, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री, स्मार्ट सिटी के सीईओ सूरज कुमार, जियाडा के एमडी वरुण रंजन, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदकुलियार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil choudhary

25 वर्षों से पत्रकारिता कर रहा हूँ.हार्ड न्यूज़ से राजनीतिक खबर करता रहा हूँ.वर्तमान में मुख्यमंत्री, पावर,इंडस्ट्रीज, माइंस संबंधित मामलों पर रिपोर्ट करता हूँ. बीबीसी,पैनोस और झारखंड सरकार से फेलोशिप ले चुका हूँ।कई बार अवार्ड ले चुका हूँ.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >