Jharkhand Assembly Monsoon Session : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा. इसका आकार करीब 6,500 करोड़ रुपये रहने की संभावना है. अनुपूरक बजट में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जीरामजी योजना के क्रियान्वयन के लिये विशेष वित्तीय प्रावधान किया गया है. इसके अलावा विभिन्न विभागों की अतिरिक्त वित्तीय आवश्यकताओं, चल रही विकास योजनाओं और नयी परियोजनाओं के लिये भी राशि का प्रावधान किया जायेगा.
आज सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सदन में अनुपूरक बजट पेश करेंगे. बजट पर चर्चा के बाद इसे पारित कराया जायेगा. अनुपूरक बजट के जरिए सरकार उन मदों में अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराती है, जहां मूल बजट में स्वीकृत राशि पर्याप्त नहीं रहती या वर्ष के दौरान नयी योजनाओं एवं नयी आवश्यकताओं के लिए वित्तीय स्वीकृति की जरूरत पड़ती है.
नई ग्रामीण रोजगार योजना के लिए अतिरिक्त राशि
सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार की नयी ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका व्यवस्था के अनुरूप वीबी-जीरामजी योजना को लागू करने के लिए राज्य सरकार को अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत है. इसी कारण इस योजना के लिए अनुपूरक बजट में अलग से राशि रखी गयी है.
इसे भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम की पदमा महतो बनीं आत्मनिर्भरता की अद्भुत मिसाल, धान की खेती से कर रहीं बंपर कमाई
इसे भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का आदेश: रिटायर कर्मचारी को प्रताड़ित न करे सरकार, चार हफ्ते में दे बकाया राशि
