Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड राज्यसभा चुनाव के परिणाम सामने आते ही गठबंधन में खटास बढ़ गयी है. कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने आरोप लगाया है कि हमें झामुमो के चार वोट मिले, लेकिन राजद और माले ने क्रॉस वोटिंग की है. राजद-माले ने धोखा दिया है. राज्य में चल रहे गठबंधन की समीक्षा होगी. केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेजी जायेगी. राजद और माले ने कांग्रेस के प्रभारी के बयान को खारिज किया है. राजद की ओर से कहा गया है कि कांग्रेस अपने गिरेबां में झांके, राजद संघर्ष से उपजी पार्टी है. वहीं माले ने कहा कि कांग्रेस अपने ही विधायकों को इंटैक्ट नहीं रख सकी. छोटा दल देखकर बिना जांच पड़ताल के वाम दलों पर आरोप स्वीकार नहीं है.
बड़े दलों पर आरोप की हिम्मत नहीं : अरूप
माले विधायक अरुप चटर्जी ने कहा कि उनके दल के द्वारा कोई क्रॉस वोटिंग नहीं की गयी है. माले विधायकों ने इंडिया गठबंधन के निर्देशों के मुताबिक ही वोट किया है. क्रॉस वोटिंग किसने की है, इसकी जांच होनी चाहिए. श्री चटर्जी ने कहा कि कांग्रेस में बड़े दलों पर आरोप लगाने की हिम्मत नहीं है. कांग्रेस पार्टी को पहले अपने गिरेबां में झांक कर देखना चाहिए. मिथ्या आरोप लगाने से बचना चाहिए. जल्द ही माले इस विषय पर अपना पक्ष रखा जायेगा.
खुद को इंटैक्ट नहीं रख सकी कांग्रेस : चंद्रदेव
माले विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी खुद को इंटैक्ट नहीं रख पायी. कांग्रेस का खुद के विधायकों पर नियंत्रण नहीं रहा. उन्होंने कहा कि माले के विधायकों ने लिये गये निर्णय के अनुसार ही वोट किया है. कांग्रेस पार्टी छोटा दल देख कर हम पर अनाप-शनाप आरोप लगा रही है. यह बिलकुल गलत है. बिना किसी तथ्य के गठबंधन के साथी संगठनों पर आरोप लगाना कहीं से भी उचित नहीं है.
जब भी आते हैं, तो झोला भरकर जाते हैं राजू : संजय यादव
उद्योग मंत्री सह राजद विधायक संजय प्रसाद यादव ने कांग्रेस के आरोप पर कहा कि राजद कभी किसी को धोखा नहीं देता. कांग्रेस को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए. संजय यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रभारी के राजू जब भी आते हैं, तो झोला भरकर जाते हैं. कांग्रेस में प्रदीप यादव व अनूप सिंह का गुट है. किस गुट ने क्या डील किया, कौन जाने. यह तो जांच का विषय है कि किसने क्रॉस वोटिंग की है. मुझे तो शक है कि के राजू ही जानबूझ कर पोलिंग एजेंट बनकर कांग्रेस के विधायकों से ही तो कहीं क्रॉस वोटिंग नहीं करा ली. हम पूरी मजबूती के साथ हेमंत सोरेन सरकार के साथ खड़े थे और खड़े रहेंगे. के राजू अपने विधायकों की जांच करें.
राजद संघर्ष की पार्टी है, बिकाऊ नहीं : संजय सिंह यादव
हुसैनाबाद से राजद विधायक संजय सिंह यादव ने कहा कि राजद संघर्ष की पार्टी है. कभी फिरकापरस्तों से समझौता नहीं किया. के राजू को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए. कांग्रेस की तरह राजद बिकाऊ पार्टी नहीं है. यदि ऐसा करना रहता, तो बाबूलाल मरांडी की सरकार के समय भी ऑफर मिला था, लेकिन हमने कभी समझौता नहीं किया. गठबंधन को हमने वोट किया. अब कांग्रेस के ही किस एमएलए ने डील करके क्रॉस वोटिंग की, यह तो के राजू ही बता सकते हैं.
ये भी पढ़ें…
कौन हैं कांग्रेस को पटखनी देने वाले परिमल नथवाणी? जानिए मुकेश अंबानी के ‘राइट हैंड’ की कहानी
कौन हैं बैजनाथ राम, जिन्होंने झारखंड से जीता राज्यसभा चुनाव?
