रांची से सतीश सिंह की रिपोर्ट
Jharkhand Rajya Sabha Election, रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई है. रविवार को नयी दिल्ली में भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. इस हाईप्रोफाइल बैठक में शामिल होने के लिए झारखंड भाजपा के शीर्ष नेता दिल्ली रवाना हो चुके हैं. दिल्ली जाने वाले नेताओं में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल हैं.
क्या होने वाला है बीजेपी की बैठक में
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश नेतृत्व इस बैठक में केंद्रीय समिति को हाल ही में रांची में हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के निर्णयों और फीडबैक से विस्तार से अवगत करायेगा. इस दौरान प्रदेश भाजपा की ओर से शॉर्टलिस्ट किये गये तीन संभावित उम्मीदवारों के नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा जायेगा. इन नामों पर गहन मंथन के बाद केंद्रीय चुनाव समिति आखिरी फैसला लेगी.
Also Read: सावधान! झारखंड में जनगणना के नाम पर आ रहे फर्जी कॉल, OTP दिया या ज्यादा बात की तो अकाउंट साफ
एक दो दिन में बीजेपी कर देगी उम्मीदवार की घोषणा
चर्चा है कि अगले एक-दो दिनों में भाजपा अपने आधिकारिक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर देगी. भाजपा ने झारखंड से राज्यसभा की एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने का मन तो बना लिया है, लेकिन आंकड़ों की बाजीगरी पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है. राज्यसभा सीट पर जीत दर्ज करने के लिए प्रथम वरीयता के 28 वोटों की आवश्यकता है, फिलहाल एनडीए के पास कुल 24 मत ही मौजूद हैं, जो जीत के जादुई आंकड़े (28) से चार कम हैं. ऐसे में बहुमत का पर्याप्त आंकड़ा न होने के बावजूद भाजपा द्वारा उम्मीदवार उतारने के फैसले से झारखंड की राज्यसभा चुनाव की जंग बेहद दिलचस्प हो गयी है.
Also Read: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी
