Jharkhand News : रांची के खुले नाले में बहे अजय अग्रवाल का मिला शव, कांके डैम के पहले जलकुंभी में फंसा मिला

रांची के पंडरा में खुले नाले में बहे अजय प्रसाद अग्रवाल का शव शुक्रवार को कांके डैम के पास मिला है. NDRF, रांची नगर निगम और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कांके डैम से पहले गहरे पानी केे जलकुंभी में शव फंसा मिला.

By Prabhat Khabar Digital Desk | September 17, 2021 8:50 PM

Jharkhand News (रांची) : झारखंड की राजधानी रांची के खुले नाले में गत 15 सितंबर को बहे सब्जी विक्रेता अजय प्रसाद अग्रवाल का शव शुक्रवार की शाम को मिला. अजय अग्रवाल का शव कांके डैम से पहले जलकुंभी में फंसा मिला. खुले नाले में बहे अजय को खोजने के लिए NDRF की टीम के साथ रांची नगर निगम के 20 कर्मचारी और पुलिस भी जुटी थी.

क्या है मामला

रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित पंचशील नगर में गत 15 सितंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे सब्जी विक्रेता अजय प्रसाद अग्रवाल खुले नाले में गिर गये. लगातार बारिश होने के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था. खुले नाले में गिरने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन अजय नहीं मिले. इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया. पुलिस ने भी अपने स्तर से खोजबीन शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली. तब NDRF की टीम को सूचित किया गया.

इधर, अजय की खोजबीन के लिए NDRF की टीम के साथ रांची नगर निगम के 20 कर्मचारी, पंडरा पुलिस के कर्मी और पुलिस लाइन से आये करीब 14 पुलिसकर्मियों की टीम लगे रहे. गुरुवार को करीब दो किलोमीटर तक नाले को खंगाला गया. इस दौरान पंचशील नगर, शाहदेव नगर, ओझा मार्केट होते हुए कांके डैम तक पानी के बहाव के बीच सभी गड्ढे और आसपास के झाड़-पतवार में खोजबीन की गयी, लेकिन अजय का शव कहीं नहीं मिला.

Also Read: NDRF टीम मेहनत नहीं लाई रंग, 24 घंटे बाद भी पंडरा के नाले में बहे साइकिल सवार का नहीं मिला सुराग

इस दौरान NDRF की टीम ने गहरे पानी में जलकुंभी में फंसे होने की संभावना जतायी थी. इसी के आधार पर शुक्रवार से गहन खोजबीन शुरू हुई. शुक्रवार दोपहर बाद रांची के कांके डैम से पहले गहरे पानी के जलकुंभी में अजय अग्रवाल का शव मिला.

बता दें कि पिछले दो साल के अंदर खुले नाले में बहने की ये तीसरी घटना है. इससे पहले सितंबर 2020 में कोकर के खोरहाटोली में एक युवक खुले नाले में बहा था, वहीं हिंदपीढ़ी के खुले नाले में एक बच्ची बही थी. राजधानी रांची में इस तरह की घटना के बाद भी नगर निगम खुले नाले को ढकने में अधिक सक्रियता नहीं दिखायी है.

Posted By : Samir Ranjan.

Next Article

Exit mobile version