Jharkhand: पुलिस मुठभेड़ से भाग निकला नक्सली ने किया सरेंडर, दो लाख रुपये इनाम के प्रस्ताव की थी तैयारी

लोहरदगा में चले पुलिस द्वारा चलाये गये ऑपरेशन डबल बुल के चुंगल से भाग निकले नक्सली एरिया कमांडर सूरजनाथ खैरवार ने सरेंडर कर दिया है, उसके खिलाफ लोहरदगा सहित अन्य थानों में आठ से 10 केस दर्ज हैं.

रांची : नक्सलियों के खिलाफ जारी ऑपरेशन डबल बुल के भय से हार्डकोर नक्सली सूरजनाथ खैरवार ने बुधवार को लोहरदगा पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है. संगठन में उसका पद एरिया कमांडर का था. उसके पिता का नाम बालकिशुन खैरवार है और वह लोहरदगा जिला के बगड़ू थाना क्षेत्र के बुलबुल गांव का रहनेवाला है. उसके खिलाफ लोहरदगा सहित अन्य थानों में आठ से 10 केस दर्ज हैं.

पुलिस उससे संगठन से जुड़े अन्य नक्सलियों और उनके ठिकाने के बारे में पूछताछ कर रही है. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी उसके सरेंडर करने की पुष्टि नहीं की है. जानकारी के अनुसार, सूरजनाथ खैरवार हार्डकोर नक्सली रवींद्र गंझू दस्ते के लिए काम करता था. कुछ माह पूर्व ही उसके खिलाफ पुलिस मुख्यालय स्पेशल ब्रांच की ओर से एरिया कमांडर के पद के लिए दो लाख रुपये इनाम की घोषणा करने के लिए गढ़वा, लातेहार और गुमला एसपी से प्रस्ताव की मांग की गयी थी.

बुलबुल में मुठभेड़ के दौरान सूरजनाथ खैरवार पुलिस से बचकर भाग निकला था. वहां से भाग कर बूढ़ा पहाड़ पहुंचा, लेकिन उसे वहां भी कोई सहयोग नहीं मिला. अकेला हो जाने की वजह से वह काफी डर गया था. इसके बाद उसने अपने भाई से कहा कि वह सरेंडर करना चाहता है. उसने पुलिस से संपर्क करने को कहा. सूरजनाथ ने कहा कि अब उसका जंगल में रहना मुश्किल हो गया है. वह मुख्यधारा से जुड़कर नयी जिंदगी की शुरुआत करना चाहता है.

Posted By: Sameer Oraon

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >