रांची से मनोज लाल की रिपोर्ट
रांची : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत और विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी शैलेंद्र कुमार लाल को संताल परगना प्रमंडल का नया प्रभारी आयुक्त नियुक्त किया है. राज्य सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने शनिवार को इस प्रशासनिक फेरबदल से जुड़ी आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
कौशल विकास मिशन से संताल की कमान
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार लाल वर्तमान में 'झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी' (JSDMS) के मिशन निदेशक सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. सरकार द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, वे अपने वर्तमान पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ संताल परगना प्रमंडलीय आयुक्त के पद का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे. उनके इस पदभार ग्रहण करने से प्रमंडल के प्रशासनिक कामकाज में और अधिक तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में बनेगा तीसरा मोर्चा, JMM और BJP दोनों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगे सूर्य सिंह बेसरा
झारखंड प्रशासनिक सेवा से आईएएस तक का सफर
शैलेंद्र कुमार लाल मूल रूप से झारखंड प्रशासनिक सेवा (राज्य सेवा) के अधिकारी रहे हैं. क्षेत्रीय प्रशासन में उनके लंबे और कुशल अनुभव व उत्कृष्ट सेवा रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें प्रोमोशन (Promotion) देकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल किया गया था, जिसके तहत उन्हें 2013 कैडर अलॉट हुआ था. जमीनी स्तर पर कार्य करने के अपने प्रशासनिक अनुभव के दम पर अब वे संताल परगना प्रमंडल के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे.
ये भी पढ़ें: मतदाता सूची में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग सख्त, गलत मैपिंग पर अधिकारी होंगे जवाबदेह
