झारखंड के 7 हजार प्राथमिक विद्यालय में कक्षा संचालन के लिए सरकार लेगी स्थानीय लोगों की मदद, जानें वजह

झारखंड के सात हजार प्राथमिक विद्यालयों में एक ही शिक्षक हैं. इनमें कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई होती है. अब इन विद्यालयों में कक्षा संचालन में स्थानीय युवाओं की मदद लेने की तैयारी है.

रांची : झारखंड के 7 हजार प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा संचालन के लिए सरकार स्थानीय युवाओं की मदद लेगी. इन सभी विद्यालयों में एक शिक्षक के भरोसे 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित होती है. जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है. इससे संबंधित शिक्षा परियोजना ने सभी जिलों के डीइओ और डीएसइ को पत्र लिखा है. पत्र में कहा गया है कि राज्य के सात हजार एकल शिक्षकीय विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति तथा पढ़े-लिखे युवाओं की मदद ली जाये. जिससे क्लास का संचालन बेहतर तरीके से हो सके. इसके लिए विद्यालय प्रबंधन समिति जागरूकता अभियान चलायेगी.

ऊंची कक्षा के विद्यार्थी भी मदद करेंगे :

व्यवस्था पूरी तरह गैर वित्तीय होगी और विद्यालय प्रबंधन समिति की मदद से संचालित होगी. जिलों को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि ऊंची कक्षा के विद्यार्थी अपने से नीचे कक्षा के बच्चों को पढ़ाई में सहयोग कर सकते हैं. इसके लिए विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की सूची तैयार करने के लिए कहा गया है.

यह संबंधित विद्यार्थी की सहमति के आधार पर होगा. ऐसे विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर सम्मानित करने और वार्षिक रिपोर्ट कार्ड में इसका उल्लेख करने के लिए कहा गया है. कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थी को कक्षा छह से आठ के विद्यार्थी और कक्षा छह से आठ के विद्यार्थी को कक्षा नौ और दस के विद्यार्थी सहयोग कर सकते हैं.

  • विद्यालय प्रबंधन समिति को जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा गया

  • व्यवस्था गैर वित्तीय होगी व विद्यालय प्रबंधन समिति की मदद से संचालित होगी

  • विद्यार्थियों की पढ़ाई नहीं होगी बाधित

Posted By: Sameer Oraon

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >