Jharkhand Government Jobs : झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार ने सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है. सूत्र बताते हैं कि राज्य सरकार स्वतंत्रता दिवस पर करीब 25 हजार सरकारी नियुक्तियों की घोषणा कर सकती है. हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है.
सत्यापन के बाद शुरू होगी नियुक्ति प्रक्रिया
सीएम हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद सभी विभागों से रिक्त पदों का अद्यतन ब्योरा मांगा गया है. विभागों को खाली पदों की नवीनतम स्थिति देने को कहा गया है, जिससे नियुक्ति प्रक्रिया में कोई देरी नहीं हो. सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों में वर्षों से रिक्त पड़े पदों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से भरना है. इसके लिए विभागवार रिक्तियों का अंतिम आकलन किया जा रहा है. रिक्तियों का सत्यापन पूरा होने के बाद संबंधित नियुक्ति एजेंसियों को अधियाचना भेजी जायेगी. इसके बाद चरणबद्ध तरीके सेविज्ञापन जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ायी जायेगी.
विभागों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर
सरकारी स्तर पर चल रही इस कवायद का उद्देश्य केवल रिक्त पदों को भरना ही नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों में कार्यक्षमता बढ़ाना और आमलोगों को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना भी है. शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, तकनीकी सेवाओं और अन्य विभागों में बड़ी संख्या में पद लंबे समय से खाली हैं. इन पदों पर नियुक्ति होने से एक ओर विभागों में मानव संसाधन की कमी दूर होगी.
ये भी पढ़ें: देवघर में स्वास्थ्य मंत्री का ऐलान: श्रावणी मेले में चलेंगी बाइक एंबुलेंस, अस्पतालों की मनमानी पर लगेगी रोक
ये भी पढ़ें: लातेहार के किसान का 'सुपर जुगाड़', बैल और ट्रैक्टर नहीं मिले, तो मोटरसाइकिल से ही जोत डाला पूरा खेत
