आज से 29 मार्च तक झारखंड के सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला
झारखंड में 25 मार्च से 29 मार्च के बीच प्रखंडों में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेला लगेगा. स्वास्थ्य मेले में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी लेने के साथ ही आम जनता स्वास्थ्य लाभ उठा सकते हैं. राज्य में यह पहली बार हो रहा है जब सभी 263 प्रखंडों में खास बीमारी वाले इलाकों की पहचान कर वहां उस आधार पर मेला आयोजित किया जा रहा है. मेला में डिजिटल स्वास्थ्य आइडी का निर्माण, नया आयुष्मान भारत कार्ड जारी करने, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मौखिक स्वास्थ्य जैसे रोगों की जांच व उपचार की सुविधा दी जायेगी. वहीं, इन विशेष कैंपों के जरिए भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ ही योग और ध्यान जैसी स्वास्थ्य गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक के लिए एक लाख रुपये का आबंटन दिया है.