मुख्य बातें
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

Jharkhand Breaking News: हावड़ा से पटना वाया जसीडीह से होकर दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, समय सारणी जारी
देवघर : हावड़ा से पटना वाया जसीडीह स्टेशन चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की संभावित समय सारणी रेलवे ने जारी कर दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगस्त माह के किसी दिन हावड़ा- पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखायेंगे. रेलवे के अनुसार, पटना जंक्शन से वंदे भारत ट्रेन सुबह 8:00 बजे खुलेगी और दोपहर 2:30 बजे हावड़ा पहुंचेगी. पटना से हावड़ा जाते हुए जसीडीह स्टेशन में यह ट्रेन सुबह 11:00 बजे पहुंचेगी. वहीं अप में हावड़ा स्टेशन से दोपहर 3:55 बजे में यह ट्रेन खुलेगी और शाम 7:30 बजे जसीडीह स्टेशन पहुंचेगी व रात 10:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी. जसीडीह स्टेशन से हावड़ा तक का सफर 3:30 घंटे में तय होगा, जबकि जसीडीह से पटना का सफर तीन घंटे में पूरा होगा. गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के विशेष अनुरोध पर रेल मंत्री ने पटना से हावड़ा वाया जसीडीह वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मंजूरी दी है.
साहिबगंज : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दहला दुर्गा स्थान भगवान मास्टर गली में मंगलवार की शाम 19 वर्षीय युवक नितिन ओझा ने अपने पिता के लाइसेंसी हथियार से गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है. सूचना पाते ही नगर थाना प्रभारी अमित कुमार, एसआई सौरव कुमार, साई जगन्नाथ पान दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गये. साथ ही इसकी जानकारी सदर एसडीपीओ राजेंद्र दुबे को दिया.बताया गया कि युवक नीतीन ओझा उर्फ ओम जी ओझा घर पर अपने नाना के साथ अकेले थे. जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य तीर्थ यात्रा पर पिछले 30 जुलाई को निकले थे. इधर, पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है.
सिमडेगा, रविकांत साहू : प्रतिबंधित मांस के साथ छह लोगों को बोलबा थाने की पुलिस ने हिरासत में लिया है. घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के मालसाड़ा लेटाबेड़ा में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर थाना प्रभारी अरुणीश रोशन व सशस्त्र बलों ने प्रतिबंधित मांस के साथ छह लोगों को हिरासत में लिया है. इधर, पूरे मामले की छानबीन पुलिस द्वारा की जा रही है. हिरासत में लिये गए लोगों के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है. इस मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कवायद शुरू कर दी गयी है.
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने मुलाकात की. भेंट वार्त्ता के दौरान सीएम से उन्होंने राज्य में अल्पसंख्यक आयोग एवं वक्फ बोर्ड के गठन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का आग्रह किया. मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि राज्य में अल्पसंख्यकों के समुचित विकास के लिए अल्पसंख्यक आयोग एवं वक्फ बोर्ड का गठन होना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय को राज्य सरकार से काफी उम्मीद और अपेक्षाएं हैं. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य अल्पसंख्यक आयोग एवं वक्फ बोर्ड के गठन की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का भरोसा उन्हें दिया है.
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारखंड से चयनित अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल खिलाड़ियों ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री को मलेशिया में आयोजित पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम के पुरुष और महिला दोनों वर्ग द्वारा स्वर्ण पदक जीतने की जानकारी दी. भारतीय पैरा थ्रो बॉल टीम के महिला वर्ग में झारखंड से अनीता तिर्की, तारामणि लकड़ा, महिमा उरांव, प्रतिमा तिर्की एवं अंसुता टोप्पो शामिल थीं, वहीं पुरुष वर्ग में मुकेश कंचन एवं सनोज महतो शामिल थे. मुख्यमंत्री के समक्ष खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रतियोगिता में झारखंड से चयनित सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा है. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी पैरा थ्रो बॉल खिलाड़ियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर खिजरी विधायक राजेश कच्छप, पैरा थ्रो बॉल एसोसिएशन झारखंड के पदाधिकारी एवं झारखंड से चयनित सभी खिलाड़ी उपस्थित थे.
पलामू : मेदिनीनगर के रेड़मा स्थित काली मंदिर के पास एक जनरल स्टोर से गांजा और अफीम के साथ पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जनरल स्टोर में छापामारी किया था. इस दौरान पुलिस ने राहुल कुमार, गौरी शंकर सिंह और ऋषभ को गिरफ्तार किया है. टीओपी-टू थाना प्रभारी रुद्रानंद सरस के नेतृत्व में कार्रवाई की गयी.
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…