रांची. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने शिक्षक-कर्मचारी कल्याण कोष की कमेटी का पुनर्गठन किया है. जैक के अध्यक्ष कमेटी के अध्यक्ष होंगे. वहीं जैक के दोनों संयुक्त सचिव और वित्त पदाधिकारी को कमेटी का सदस्य बनाया गया है.
झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष यशवंत विजय और इंटर महासंघ के अध्यक्ष चंद्रेश्वर पाठक को भी कमेटी में सदस्य मनोनीत किया गया है. कमेटी का कार्यकाल एक वर्ष का होगा.
अधिक से अधिक शिक्षकों-कर्मियों को मिले कोष का लाभ
यशवंत विजय को कमेटी का सदस्य बनाये जाने पर शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है. यशवंत विजय ने कहा कि समिति के सदस्य के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि शिक्षक-कर्मचारी कल्याण कोष का लाभ अधिक से अधिक शिक्षकों और कर्मियों को मिल सके.
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हित से जुड़े सभी सुझावों और विषयों को समिति के समक्ष प्रमुखता से रखा जायेगा, ताकि कल्याण कोष से संबंधित मामलों में शिक्षक-कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता मिल सके.
