Education News : राज्य के 60 केंद्रों पर अप्रैल के प्रथम सप्ताह से मैट्रिक/इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन

राज्य में मैट्रिक और इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन अप्रैल के प्रथम सप्ताह से शुरू होगा. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने इसकी तैयारी शुरू की दी है.

रांची (प्रमुख संवाददाता). राज्य में मैट्रिक और इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन अप्रैल के प्रथम सप्ताह से शुरू होगा. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने इसकी तैयारी शुरू की दी है. मूल्यांकन को लेकर राज्य भर में 60 केंद्र बनाये गये हैं और मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा. मूल्यांकन केंद्र निर्धारण के दौरान इस बात को सुनिश्चित किया गया है कि जहां सीसीटीवी लगा हो उन्हीं स्कूल/कॉलेजों में उत्तरपुस्तिकाओं की जांच हो. राज्य भर में लगभग 10 हजार परीक्षक मैट्रिक व इंटर के लगभग आठ लाख परीक्षार्थियों की कॉपियों का मूल्यांकन करेंगे.

आज से उत्तरपुस्तिकाओं का उठाव

सोमवार से सभी जिलों के ट्रेजरी से उत्तरपुस्तिकाओं का उठाव होगा. उत्तरपुस्तिकाएं इस सप्ताह तक मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंच जायेंगी. इसके बाद जिला स्तर पर परीक्षकों की नियुक्ति कर मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा. अप्रैल अंत तक मूल्यांकन कार्य पूरा हो जायेगा. इसके बाद मई अंत से रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी. 10 जून तक मैट्रिक समेत इंटर तीनों संकाय का रिजल्ट जारी हो जाने की संभावना है.

आकांक्षा प्रवेश परीक्षा संपन्न, रिजल्ट मई में

रांची. राज्य सरकार द्वारा संचालित नि:शुल्क कोचिंग संस्थान आकांक्षा में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा रविवार को हुई. जिलों द्वारा झारखंड एकेडमिक काउंसिल को भेजी गयी रिपोर्ट के अनुसार राज्य भर में परीक्षा शांतिपूर्वक हुई. परीक्षा में लगभग 40 हजार परीक्षार्थियों को शामिल होना था. परीक्षा में लगभग 98 फीसदी परीक्षार्थी शामिल हुए. परीक्षा का रिजल्ट मई में जारी होने की संभावना है. रांची में परीक्षा को लेकर कुल छह केंद्र बनाये गये थे. परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 2519 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था. जिसमें से 1689 अभ्यर्थी शामिल हुए. परीक्षा में 830 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा कदाचार मुक्त हो. इसके लिए डीइओ विनय कुमार ने सभी परीक्षा केंद्रों का घुम-घुमकर जायजा लिया. सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रूप से चल रही थी. प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को राज्य सरकार द्वारा नि:शुल्क इंजीनियरिंग, मेडिकल व क्लैट परीक्षा की तैयारी करायी जाती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP JAISWAL

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >