Ranchi news अभ्यर्थियों का पीटी का रिजल्ट निकालने का निर्देश
:::: सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रतियोगिता परीक्षा::::
: इबीसी-वन व बीसी-टू के अभ्यर्थियों ने दायर की थी याचिका
रांची. झारखंड हाइकोर्ट ने सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रतियोगिता परीक्षा के अभ्यर्थियों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई की. चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव व जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई की. सुनवाई पूरी होने के बाद खंडपीठ ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को रिजर्व कैटेगरी के अभ्यर्थियों की प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का रिजल्ट उनकी कोटि के तहत प्रकाशित करने का निर्देश दिया. खंडपीठ ने कहा कि अभ्यर्थी इबीसी-वन व बीसी-टू कैटेगरी के हैं तथा कट ऑफ मार्क्स से उन्हें अधिक अंक हासिल हुआ है. इसलिए जेपीएससी उनका रिजल्ट तीन सप्ताह के अंदर प्रकाशित करे. इससे पूर्व प्रार्थियों की ओर से अधिवक्ता राजेश कुमार ने पैरवी की. उन्होंने खंडपीठ को बताया कि रिजर्व कैटेगरी के अभ्यर्थी हैं तथा अपनी कोटि के कट ऑफ से अधिक मार्क्स प्राप्त किया है. ऐसे में उनका पीटी का रिजल्ट जारी किया जाना चाहिए. उन्होंने जेपीएससी को निर्देश देने का आग्रह किया. वहीं जेपीएससी की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरावाल ने पक्ष रखा. उल्लेखनीय है कि प्रार्थी संजीता कुमारी, जुली परवीन व लक्ष्मी कुमारी की ओर से याचिका दायर की गयी थी. उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी करने की मांग की थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.