रांची. झारखंड कृषि विकास निगम में प्रस्तावित नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर तैयारी तेज कर दी गयी है. निगम के प्रबंध निदेशक सह कृषि निदेशक बिद्यानंद शर्मा पंकज ने निगम में प्रस्तावित नियुक्ति से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है. मंगलवार को निगम के निदेशक मंडल की प्रस्तावित बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गयी.
नियुक्ति के लिए जल्द शुरू होगी रोस्टर क्लियरेंस प्रक्रिया
समीक्षा के दौरान कंपनी सेक्रेटरी को निगम में प्रस्तावित नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया. इसके लिए रोस्टर क्लियरेंस की प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू करने को कहा गया है. प्रबंध निदेशक ने नियुक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
कर्मियों के बीच काम और अधिकार का होगा बंटवारा
निगम में कार्यरत कर्मियों के बीच शक्ति और जिम्मेदारियों के बंटवारे का प्रस्ताव भी मांगा गया है. इसके लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) तैयार किया जायेगा. एसओपी के माध्यम से कर्मियों के काम और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने की दिशा में पहल की जायेगी.
बीज खरीद और वितरण के नियमों की मांगी जानकारी
बैठक में निगम के माध्यम से बीज की खरीद और वितरण को लेकर पहले से निर्धारित नियमों की भी जानकारी मांगी गयी. संबंधित अधिकारियों से पूर्व में तय प्रावधानों और प्रक्रिया का विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है. बैठक की तैयारियों के साथ निगम के कामकाज से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों की भी समीक्षा की गयी.
