रांची में होने वाले मैच को लेकर 29 DSP सहित 1500 जवानों की होगी तैनाती, ऐसी रहेगी यातायात व्यवस्था

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले मैच के लिए रांची पुलिस पूरी तरह तैयार है. रेडिशन ब्लू होटल की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. 29 डीएसपी, 500 पुलिस पदाधिकारियों को तैनात किया जाएगा.

रांची: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नौ अक्तूबर को होनेवाले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को देखते हुए रांची पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मैदान के अंदर और बाहर की सुरक्षा को लेकर सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. वहीं रांची एयरपोर्ट से लेकर रेडिशन ब्लू होटल और वहां से जेएससीए स्टेडियम तक की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है. आला अधिकारियों की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर अपने-अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेवारी सौंपी गयी है.

यह होगी प्रशाननिक तैयारी 

क्रिकेट मैच में सुरक्षा को लेकर चार आइपीएस की तैनाती होगी. इनकी ओर से सभी स्तर से मॉनिटरिंग की जायेगी. इसके अलावा 29 डीएसपी, 500 पुलिस पदाधिकारी (इंस्पेक्टर, दारोगा व जमादार) सहित 1500 जवानों की तैनाती स्टेडियम से लेकर मुख्य गेट और स्टेडियम के चारों तरफ की जायेगी.

दोनों टीम कि खिलाड़ी रेडिशन ब्लू होटल में ठहरेंगे. ऐसे में वहां की भी सुरक्षा अभी से बढ़ा दी गयी है. यहां की सुरक्षा में जैप-10, जैप इको, रेपिड एक्शन पुलिस, आइआरबी व जिला बल की तैनाती रहेगी. इसके अलावा सादे लिबास में स्पेशल ब्रांच के पदाधिकारियों की भी तैनाती होगी.

भवनों से भी रखी जायेगी पैनी नजर   

रेडिशन ब्लू होटल से लेकर स्टेडियम तक खिलाड़ियों के जानेवाले रास्ते के दोनों तरफ ऊंची बिल्डिंग पर भी हथियारबंद पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी, ताकि किसी भी तरह का खतरा उत्पन्न न हो. हाेटल में डीएसपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती सुरक्षा को लेकर की जायेगी. नौ अक्तूबर को मैच के दिन होटल से लेकर जेएससीए स्टेडियम तक सड़क किनारे दोनों ओर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी.

सुरक्षा की मॉनिटरिंग की जिम्मेवारी एसएसपी किशोर कौशल को दी गयी है. मैच को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में किसी तरह के बदलाव के निर्णय अब तक नहीं लिये गये हैं. मैच के दिन होटल रेडिशन ब्लू से जेएससीए स्टेडियम तक जाने के कुछ देर पहले उस रास्ते से कडरू जानेवाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जायेगा़ जेएससीए स्टेडियम की ओर जानेवाले वाहनों का रूट भी डायवर्ट होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >