ओडिशा-छत्तीसगढ़ से बिहार-बंगाल तक नशे की तस्करी का रास्ता बना कुड़ू, 6 करोड़ का माल पकड़ाया

झारखंड के कुड़ू में पुलिस ने 80 लाख की अवैध शराब जब्त की है. पिछले 17 महीनों में कुड़ू पुलिस ने 6 करोड़ का नशा पकड़ा है, फिर भी तस्करी जारी है.

कुड़ू. रांची से बिहार और राज्य के विभिन्न जिलों को जोडने वाले कुड़ू के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी रोकना पुलिस के लिए लगातार चुनौती बना हुआ है. पुलिस की कार्रवाई में पिछले 17 माह के दौरान करीब छह करोड़ रुपये मूल्य के अवैध नशीले पदार्थ और शराब पकडे जाने का दावा है. इस दौरान दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. इसके बावजूद कुड़ू के रास्ते नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं.

पुलिस के अनुसार, कुड़ू थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले प्रमुख मार्गों का इस्तेमाल अलग-अलग राज्यों से आने वाली अवैध शराब और मादक पदार्थों को झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार और बंगाल तक पहुंचाने के लिए किया जाता है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर से गांजा लेकर आने वाले तस्करों के कुड़ू, लोहरदगा और रांची होकर आगे जाने की बात सामने आती रही है. इसी तरह दूसरे राज्यों से आने वाली शराब की खेप भी झारखंड के रास्ते आगे भेजे जाने के मामले पकडे गये हैं.

अलग-अलग खेप में करोडों का माल जब्त

पुलिस कार्रवाई के आंकडों पर गौर करें तो पिछले वर्ष फरवरी में ओडिशा से गांजा की खेप लेकर बिहार जा रहे तस्करों को बड़की चांपी के समीप पकडा गया था. बरामद गांजा की कीमत करीब 20 लाख रुपये बतायी गयी थी.

इसके करीब आठ दिन बाद हरियाणा से रांची जा रहे मालवाहक ट्रक से चंदवा रोड के समीप अवैध शराब की खेप पकडी गयी थी. इसकी कीमत करीब 90 लाख रुपये बतायी गयी थी.

इसके करीब 20 दिन बाद रांची से प्लाइवुड लेकर पंजाब जा रहे एक मालवाहक ट्रक की जांच के दौरान उसके बीच में छिपाकर रखा गया डोडा बरामद किया गया था. पुलिस के अनुसार, इसकी कीमत करीब 80 लाख रुपये थी.

वर्ष के अंत में रांची से बिहार जा रहे भुसी लदे ट्रक से एनसीबी की मदद से करीब 70 लाख रुपये मूल्य का गांजा पकडे जाने की जानकारी भी सामने आयी थी.

ब्राउन शुगर और शराब की खेप भी पकडी गयी

वर्ष 2026 की शुरुआत में कुड़ू पुलिस ने ब्राउन शुगर की तीन खेप पकडने की कार्रवाई की. बरामद ब्राउन शुगर की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी गयी. इसके बाद भी थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की बरामदगी के मामले सामने आये.

जुलाई 2026 में कुड़ू पुलिस ने 25 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, दोनों को चांपी पिकेट के समीप वाहन जांच के दौरान पकडा गया था.

वहीं, सितंबर 2026 में कुड़ू पुलिस ने धान की भुसी लदे ट्रक से करीब 50 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की. पुलिस के अनुसार, शराब चंडीगढ़ से रांची ले जायी जा रही थी. ट्रक से 850 पेटी शराब बरामद होने की बात सामने आयी है.

कार्रवाई के बावजूद नहीं टूट रहा नेटवर्क

कुड़ू क्षेत्र में लगातार हो रही बरामदगी से यह सवाल भी उठ रहा है कि तस्करों के नेटवर्क तक पहुंचने और उसके बड़े संचालकों पर कार्रवाई की चुनौती अभी बनी हुई है. पुलिस की ओर से समय-समय पर वाहन जांच, गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी और मादक पदार्थों की बरामदगी की कार्रवाई की जाती रही है.

कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar raj kuru

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >