रात में खाना नहीं बनाने पर देर रात दो बजे पति ने डंडे से मारकर पत्नी की हत्या की
थाना क्षेत्र के नारो गांव में मंगलवार की रात में खाना नहीं बनाने पर चापा महली ने डंडा से मारकर अपनी पत्नी मैनु देवी (33) की हत्या कर दी
प्रतिनिधि, मांडर.
थाना क्षेत्र के नारो गांव में मंगलवार की रात में खाना नहीं बनाने पर चापा महली ने डंडा से मारकर अपनी पत्नी मैनु देवी (33) की हत्या कर दी. जानकारी मिलने पर मांडर पुलिस ने मैनु देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और हत्या के आरोपी चापा महली (45) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार चापा महली ने डंडा से मारकर अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है. उसने पुलिस को बताया है कि मंगलवार की रात वह टांगरबसली बाजार गया था और देर शाम को घर वापस आया था. घर में पत्नी ने रात के भोजन के लिए कोई तैयारी नहीं की थी और न ही वह खाना बनाने के मूड में थी. इसको लेकर उसकी उससे बकझक हो गयी. इसके बाद दोनों बगैर खाना खाये ही सो गये. रात के करीब दो बजे उसकी नींद टूटी तो उसने गुस्से में बगल में पड़े बांस के डंडे से बिस्तर पर सो रही पत्नी के चेहरे पर कई वार किये, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. बाद में जब उसे लगा की पत्नी की मौत हो गयी है तो उसने खुद ही रांची के जगन्नाथपुर स्थित ससुराल में फोन कर पत्नी के गिर कर चोट लगने से मौत होने की बात बतायी. इस सूचना पर बुधवार की सुबह उसके ससुराल के लोग नारो गांव पहुंचे. उन्होंने मैनु देवी के चेहरे पर गंभीर चोट व बिस्तर पर खून देख पहले चापा महली की जमकर पिटाई की और उसे मांडर पुलिस के सुपुर्द कर दिया. मामले में मृतका के भाई गोपी महली ने मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. जिसमें शादी के 15 साल बाद भी कोई बच्चा नहीं होने को लेकर दोनों के बीच हमेशा झगड़ा झंझट होने व मामूली बात पर भी चापा महली द्वारा हमेशा मैनु देवी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. बताया गया कि पेशे से मजदूर चापा महली की यह दूसरी शादी थी. पहली पत्नी के घर से कहीं चले जाने के बाद उसने मैनु से दूसरी शादी की थी. पहली पत्नी से उसे दो बच्चे हैं. उसका बड़ा लड़का 12 वीं की परीक्षा दे रहा है. दोनों ही बच्चे रांची में रहकर पढ़ाई करते हैं.
टांगरबसली बाजार से आने के बाद पत्नी से हुआ था मामूली विवाद, आरोपी पति गिरफ्तार
मांडर 1, पत्नी की हत्या का आरोपी पति.B