HEC News : एचइसी के सप्लाई कर्मियों ने बारिश के बीच किया प्रदर्शन, कोई प्लांट के अंदर नहीं गया

एचइसी में आउटसोर्सिंग एजेंसी का विरोध कर रहे सप्लाई कर्मियों ने सोमवार को बारिश के बीच मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. कर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में महिला सप्लाई कर्मी भी शामिल थीं.

रांची. एचइसी में आउटसोर्सिंग एजेंसी का विरोध कर रहे सप्लाई कर्मियों ने सोमवार को बारिश के बीच मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. कर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में महिला सप्लाई कर्मी भी शामिल थीं. सुबह 8:00 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 2:00 बजे तक जारी रहा. इस दौरान एक भी सप्लाई कर्मी प्लांट के अंदर नहीं गया. वहीं, सप्लाई कर्मियों को संबोधित करते हुए समिति के वाइ त्रिपाठी ने कहा : प्रबंधन अपनी हठधर्मिता के कारण आंदोलन को हवा दे रहा है. एक तरफ प्रबंधन कहता है कि सप्लाई कर्मी कंपनी की रीढ़ है, दूसरी तरफ सप्लाई कर्मियों का शोषण किया जा रहा है. प्रबंधन आउटसोर्सिंग एजेंसी की मदद से सप्लाई कर्मियों को पूर्व से मिलती आ रही सभी तरह की सुविधाओं और वेतन आदि में कटौती करना चाहता है. इसे कभी सफल नहीं होने दिया जायेगा.

यूनियन के जरिये बयान दिलवा रहा है प्रबंधन यह

श्री त्रिपाठी ने कहा : यूनियन के जरिये प्रबंधन यह बयान दिलवा रहा है कि सप्लाई कर्मियों को पूर्व की तरह सुविधाएं मिलेंगी. अगर यह बात सच है, तो प्रबंधन सप्लाई कर्मियों के साथ वार्ता कर इसकी जानकारी दे. समिति के रंथू लोहरा ने कहा : प्रबंधन सप्लाई कर्मियों को क्वार्टर खाली करने का नोटिस देकर आंदोलन को भड़काने का प्रयास कर रहा है. जब यूनियन की ओर से यह कहा जा रहा है कि सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी, तो प्रबंधन की ओर से क्वार्टर खाली करने का आदेश क्यों दिया जा रहा है? श्री लोहरा ने सप्लाई कर्मियों से आह्वान किया कि अपनी एकता को बनाये रखें. जिस तरह समिति ने इएसआइ की सुविधा प्रबंधन से दिलायी है, उसी तरह अन्य मांगें भी पूरी करायेगी. उन्होंने कहा कि मंगलवार को सभी सप्लाई कर्मी पुन: मुख्यालय के समक्ष एकत्रित होंगे और आंदोलन जारी रहेगा. सप्लाई कर्मियों को मनोज पाठक, शिव कुमार सिंह, राजेश शर्मा, प्रमोद कुमार ने भी संबोधित किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dushyant kumar tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >