Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में इस बार एक नया ट्रेंड दिख रहा है. पिछले एक सप्ताह (12 से 18 जुलाई) के आंकड़े बताते हैं कि बारिश अब रुक-रुक कर लंबे समय तक होने के बजाय महज एक से दो घंटे के भीतर ही भारी मात्रा में हो रही है. 17 जुलाई को रामगढ़ में हुई 60.5 मिमी और 18 जुलाई को रांची में दर्ज 50 मिमी की बारिश इसी 'शॉर्ट-स्पेल' ट्रेंड की पुष्टि करती है. सिमडेगा में भी 16 जुलाई को कम समय में 41.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी. मेदिनीनगर और चाईबासा जैसे शहरों में भी यही पैटर्न देखा जा रहा है, जहां कम समय में अधिक बारिश होने से जलभराव की स्थिति बन रही है.
रांची में 50 मिमी बारिश
शनिवार को राजधानी रांची में लगभग दो घंटे में ही 50 मिमी बारिश हो गयी. कोकर, मेन रोड, बरियातू, मोरहाबादी, रातू रोड, कांके सहित कई इलाकों में जमकर बारिश हुई. कम समय में हुई इस भारी बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया. मेन रोड, अपर बाजार, कांके रोड, बरियातू आदि इलाकों में सड़कों पर जलजमाव होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. राजधानी में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण एक घंटे की बारिश में ही जलजमाव हो जा रहा है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र से उत्पन्न साइक्लोनिक सर्कुलेशन का फिलहाल ओडिशा व छत्तीसगढ़ क्षेत्र में व्यापक असर पड़ रहा है. इसके प्रभाव से झारखंड में भी बारिश हो रही है. बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम जब झारखंड के मध्य से गुजरेगा, तब एक-दो दिन लगातार बारिश होगी. हालांकि फिलहाल ऐसी स्थिति नहीं बन रही है.
19-20 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 जुलाई को रांची में बादल छाये रहेंगे और मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. वहीं धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है. 20 जुलाई को रांची में बादल छाये रहने और मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. वहीं कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें- जामताड़ा के सदर अस्पताल में डॉक्टरों की हड़ताल, बिना इलाज के गर्भवती को बैरंग लौटाने का आरोप
झारखंड में अब भी 38 प्रतिशत कम बारिश
झारखंड में एक जून से 18 जुलाई 2026 तक सामान्य से 38 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस अवधि में झारखंड में सामान्य वर्षापात 371.2 मिमी है, जबकि अब तक 231.1 मिमी बारिश ही हुई है. वहीं रांची में इस अवधि के दौरान सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इस अवधि में रांची का सामान्य वर्षापात 383.9 मिमी है, जबकि अब तक 306.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी है.
सिर्फ एक से दो घंटे में हुई भारी बारिश को इन आंकड़ों से समझें
12 जुलाई 2026
रामगढ़ : एक घंटे में 23 मिमी.
13 जुलाई 2026
रामगढ़ : एक घंटे में 8 मिमी.
14 जुलाई 2026
बहरागोड़ा : एक घंटे में 22 मिमी.
15 जुलाई 2026
रांची : एक घंटे में 13.6 मिमी.
मेदिनीनगर : एक घंटे में 21 मिमी.
सिमडेगा : एक घंटे में 34 मिमी.
16 जुलाई 2026
मेदिनीनगर : एक घंटे में 20.8 मिमी.
सिमडेगा : एक घंटे में 41.5 मिमी.
17 जुलाई 2026
रामगढ़ : एक घंटे में 60.5 मिमी.
रांची : एक घंटे में 17 मिमी.
चाईबासा : एक घंटे में 20 मिमी.
बोकारो : एक घंटे में 10 मिमी.
18 जुलाई 2026
रांची : दो घंटे में 50 मिमी.
चाईबासा : एक घंटे में 27 मिमी.
ये भी पढ़ें- रूस की क्रीमिया फेडरल यूनिवर्सिटी से डॉ. अनन्य नमन केशरी बने एमबीबीएस, पिठोरिया में खुशी का माहौल
