Heavy Rain in Ranchi : झारखंड की राजधानी में मंगलवार को दिन भर रुक-रुक कर हुई बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. लगातार बारिश से कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गयीं. कई जगह सड़क और नाली का अंतर खत्म हो गया. नालियों का काला पानी सड़कों पर बहता रहा. जलजमाव से कई इलाकों में जाम की स्थिति बनी, निचले इलाकों में पानी घरों में घुस गया, लोग दिन भर पानी निकालते रहे. सबसे बुरी स्थिति बांधगाड़ी दीपाटोली रोड नंबर पांच की रही. यहां दो माह से नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई की गयी है. कई जगह पांच से सात फीट तक गड्ढे हैं.
बारिश में सड़क बनी हादसे का कारण
मंगलवार की बारिश के बाद सड़क और नाली का भेद खत्म हो गया. पानी में डूबे गड्डों का पता नहीं चल रहा था. महिलाएं, बच्चे और राहगीर फिसलकर गड्डों में गिर गये. कई लोग घायल हुए. स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य से पहले से ही इलाके में कीचड़ और फिसलन है. खुले नालों और गड्डों के आसपास बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं हैं. ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
बारिश से प्रभावित इलाके
स्वर्णरखा घाट
नामकुम के स्वर्णरेखा घाट में इस वर्ष पहली बार छोटे पुलिया के ऊपर से पानी बहा. सुरक्षा के मद्देनजर इस पुलिया से आवागमन बंद कर दिया गया. लोगों से बड़े पुल का इस्तेमाल करने की अपील की गयी. लोअर चुटिया कतारीबागान में भी नदी का पानी छोटे पुल को छूते हुए बह रहा था.
हरमू नदी
बारिश के बाद हरमू नदी उफान पर थी. आम दिनों में नाले जैसी दिखने वाली नदी मंगलवार को पूरे वेग में बह रही थी. निवारणपुर के समीप नदी का पानी कई घरों में घुस गया.
काली टावर
लालपुर स्थित काली टावर के समीप सडक तालाब में तब्दील हो गयी. यहां दो से तीन फीट तक नाली का काला पानी जमा था. कई दोपहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी घुसने से वाहन बंद हो गये.
चडरी
लाइन टैक तालाब के समीप अधूरे नाली निर्माण के कारण सड़क पर पानी तेज धार के साथ बह रहा था. पानी का बहाव इतना तेज था कि दोपहिया वाहन चालक वहां से गुजरने में डर रहे थे.
जयपाल सिंह स्टेडियम
स्टेडियम के समीप सड़क तालाब में तब्दील हो गयी. जलजमाव से यहां जाम लग गया. बिहार क्लब के पीछे की गली में भी दो से तीन फीट तक पानी जमा रहा.
हलघर प्रेस गली
कचहरी रोड स्थित हलधर प्रेस गली में पानी घरों में घुस गया. लोग दिन भर पानी निकालते रहे, लेकिन जलस्तर कम होने के बजाय बढ़ता रहा. गौस नगर, नेजाम नगर, अलबर्ट कंपाउंड, लोहराकोचा, इस्लाम नगर और आजाद बस्ती में भी कई घरों में पानी घुसा.
स्टेशन रोड
रांची रेलवे स्टेशन के समीप सड़क का हिस्सा डूब गया. लोगों को डिवाइडर पर चढ़कर आवागमन करना पड़ा. ओवरब्रिज के नीचे भी सड़क पर काला पानी जमा रहा.
नामकुम-अनगड़ा रोड
नामकुम दुर्गा सोरेन चौक से अनगड़ा तक नयी फोर लेन सड़क और नाली बनायी गयी है. लेकिन यहां भी नाली निर्माण में अनियमितता की शिकायत है. पानी की निकासी नहीं हो रही है. मंगलवार की बारिश में टाटीसिल्वे चौक पर पानी भर गया और दुकान व मकान में पानी घुस गया.
जलजमाव से निबटने के लिए निगम ने उतारे 1200 सफाईकर्मी
रांची में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रांची नगर निगम ने जलजमाव से निबटने के लिए 1200 सफाईकर्मियों को नाली सफाई में लगाया. दिन भर चले अभियान में सफाईकर्मियों ने 45 प्रमुख स्थानों पर स्लैब हटाकर नालियों की सफाई की. जाम नालियों की सफाई में निगम ने चार जेसीबी, दो सुपर सकर मशीन और अन्य संसाधन लगाये. जलजमाव को देखते हुए नगर निगम ने आमलोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. लोगों से कहा गया है कि अगर उनके मोहल्ले में भी जलजमाव या नाली जाम है तो इसकी शिकायत टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर दर्ज करायें.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL Paper Leak: CID ने की 20 संदिग्धों से पूछताछ, अब तक 8 अभ्यर्थी गिरफ्तार
