रांची: उषा मार्टिन फाउंडेशन की सीएसआर पहल के तहत बुधवार को सिलवे पंचायत भवन में शालिनी हॉस्पिटल के सहयोग से हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना और उनके स्वस्थ विकास को प्रोत्साहित करना था.
कार्यक्रम के दौरान अन्वी न्यू बॉर्न एंड चाइल्ड हॉस्पिटल के डॉ. अक्षत कुमार और शालिनी हॉस्पिटल के डॉ. संजीव कुमार ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. चिकित्सकों ने बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पोषण की स्थिति की जांच कर स्वस्थ बच्चों का चयन किया.
हंस फाउंडेशन, झारखंड के हेड शिशुपाल ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही स्वस्थ और मजबूत समाज की नींव है. वहीं, उषा मार्टिन फाउंडेशन के सचिव डॉ. मयंक मुरारी ने कहा कि सीएसआर का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समुदाय के समग्र विकास में सहभागी बनना है. फाउंडेशन बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहा है.
शालिनी हॉस्पिटल के वरिष्ठ प्रबंधक राणा विकास ने कहा कि हेल्दी बेबी शो जैसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे. सिलवे पंचायत की मुखिया नूतन पाहन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण संबंधी जागरूकता के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं.
कार्यक्रम में उषा मार्टिन फाउंडेशन की ओर से बरुण कुमार और भुवनेश्वर महतो समेत अन्य लोग मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: RU में बीपीएड कब होगा शुरू? AJSU ने कुलपति से पूछा, छात्र संघ चुनाव कराने की भी मांग
