रांचीः मॉडल कॉरिडोर के रूप में हरमू रोड को विकसित करने को लेकर रांची नगर निगम ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण, बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों और फुटपाथ पर लगे अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इसे लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सोमवार (27 जुलाई) को विभिन्न शाखाओं के साथ समीक्षा बैठक की.
48 भवनों को नोटिस, सात दिनों में कार्रवाई का निर्देश
मौके पर उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. समीक्षा बैठक में नक्शा शाखा ने बताया कि हरमू रोड के अब तक 48 भवनों को नोटिस जारी किया गया है. इनमें 19 भवनों पर सेटबैक और सड़क भूमि पर अतिक्रमण, 21 पर अवैध निर्माण और आठ भवनों में आवासीय परिसर में व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने का आरोप है. इस पर नगर आयुक्त ने सात दिनों के भीतर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अवैध होर्डिंग्स हटाने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम
बाजार शाखा ने बताया कि फुटपाथ पर लगे 52 अवैध मोनोपोल, यूनिपोल और होर्डिंग्स पर नोटिस चस्पा किया गया है. संबंधित लोगों को तीन दिनों के भीतर इन्हें हटाने का निर्देश दिया गया है. ऐसा नहीं करने पर निगम इन्हें हटाकर खर्च की वसूली करेगा. राजस्व शाखा ने बताया कि मॉडल कॉरिडोर क्षेत्र के 340 दुकानों और प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिला.
बिना ट्रेड लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठान होंगे सील
सभी को नोटिस जारी किया गया है. इस पर नगर आयुक्त ने बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों को सील करने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि मॉडल कॉरिडोर केवल सड़क निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी वातावरण विकसित करने की पहल है. इसलिए नक्शा, ट्रेड लाइसेंस, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा.
