रातू. झिरी रिंग रोड स्थित सुंडील पुल के गार्डवाल से ईंट लदे टर्बो ट्रक की टक्कर से एक बच्ची समेत दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. दो लोग घायल हो गये. जानकारी के अनुसार टर्बो ट्रक में सवार 25 वर्षीय राजकिशोर बैठा और तीन साल की आराध्या लकड़ा की मौत घटनास्थल पर हो गयी. जबकि बच्ची के पिता और चालक संजय लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया. उनकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है. मृतकों में एक टर्बो का खलासी और दूसरा सुंडील के स्व कलेश्वर बैठा का पुत्र था. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त टर्बो को जब्त कर लिया गया. मामले को लेकर मृतक की मां प्रतिमा देवी के बयान पर रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
