रांची में 4 सितंबर को होगा भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव, 30 अगस्त से 3 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा

इस्कॉन रांची इस वर्ष भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव-2026 का आयोजन कर रहा है. 30 अगस्त से 3 सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा होगी, जबकि 4 सितंबर को मुख्य जन्माष्टमी समारोह मनाया जाएगा.


Shri Krishna Janmashtami 2026: भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य दिवस जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन रांची की ओर से इस वर्ष भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है. आयोजन के तहत 30 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा होगी, जबकि 4 सितंबर को मुख्य जन्माष्टमी महामहोत्सव आयोजित किया जाएगा. पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक होगा. कथा के साथ मधुर कीर्तन, भजन तथा सभी श्रद्धालुओं के लिए रात्रि प्रसाद की व्यवस्था रहेगी. कथा का वाचन श्रीमान लीला पुरुषोत्तम प्रभु, डायरेक्टर, IIT मंडी, भक्तिवेदांत यूनिवर्सिटी एवं गुरुकुल, वृंदावन द्वारा किया जाएगा.

4 सितंबर को मुख्य जन्माष्टमी महोत्सव

आयोजन का मुख्य कार्यक्रम 4 सितंबर 2026, शुक्रवार को शाम 4 बजे से रात 12:30 बजे तक होगा. कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से भक्तिमय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जन्माष्टमी विशेष कीर्तन, श्रीकृष्ण लीलाओं की जीवंत झांकियां और भव्य महाभिषेक दर्शन प्रमुख आकर्षण होंगे. श्रद्धालुओं को श्री श्री राधा-कृष्ण और लड्डू गोपाल को झूला झुलाने का भी विशेष अवसर मिलेगा. इसके अलावा वैदिक प्रदर्शनी और मेले का आयोजन किया जाएगा. महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण को 1008 भोग अर्पित किए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी.

भक्ति और संस्कृति का संगम

इस्कॉन रांची के आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संदेश और भक्ति की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है. पांच दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन दर्शन को समझने का अवसर मिलेगा. मुख्य जन्माष्टमी समारोह में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वैदिक प्रदर्शनी के जरिए भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार इस महोत्सव में शामिल होने और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागी बनने की अपील की है.

रांची में तीन जगहों पर होगा आयोजन

रांची जन्माष्टमी और श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन स्वस्तिक ईएनटी हॉस्पिटल के पास, डीएवी हेहल स्कूल के सामने और कटहल मोड़ में किया जाएगा. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें: रांची के गेतलसूद फ्लोटिंग सोलर प्लांट से बिजली उत्पादन शुरू, सिकिदिरी को भेजी जा रही 50 मेगावाट बिजली


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >