Ranchi News : विद्यार्थी सिर्फ मेहनत करें, अवसर उपलब्ध करा रही सरकार : मंत्री

कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने बुंडू स्थित आदिवासी कॉलेज छात्रावास का औचक निरीक्षण किया

रांची. कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने कहा है कि सभी को आगे बढ़ने के लिए सिर्फ अवसर चाहिए. वह अवसर सरकार उपलब्ध करा रही है. छात्र मेहनत से अपना और अपने समाज का भविष्य संवारें. मंत्री रविवार को बुंडू स्थित आदिवासी कॉलेज छात्रावास का औचक निरीक्षण कर रहे थे. उन्होंने छात्रावास की मूलभूत सुविधाओं, प्रबंधन व्यवस्था और विद्यार्थियों की स्थिति की जानकारी ली. श्री लिंडा ने छात्रावास में रह रहे छात्र-छात्राओं से उनकी समस्याएं व आवश्यकताएं जानी. सुझाव सुने. छात्रों को भोजन, पढ़ाई, स्वास्थ्य व सफाई व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि युवा राज्य के भविष्य हैं. राज्य सरकार युवाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. छात्रावासों में समुचित खानपान, पढ़ाई, पुस्तकालय, स्वच्छता और देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है. कल्याण मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ बैठक कर आदिवासी छात्रावासों की स्थिति में व्यापक सुधार हेतु योजनाओं पर विमर्श किया जायेगा. आदिवासी छात्रावासों में कुक, लाइब्रेरियन, वार्डन और सफाईकर्मी की स्थायी नियुक्ति की जा रही है. निरीक्षण के दौरान श्री लिंडा ने छात्रावास के नये भवन निर्माण कार्य पर नाराजगी जतायी. अधिकारियों से कहा कि कार्य की गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. मौके पर तमाड़ के विधायक विकास मुंडा, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रबंधन समिति के सदस्य व अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >