रांची से सतीश की रिपोर्ट
रांची स्थित गोंदा डैम का जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गोंदा रांची के अंतर्गत आने वाले गोंदा डैम के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए कार्यालय की ओर से आम नागरिकों के लिए आवश्यक सूचना जारी की गयी है.
2128.00 फीट पहुंचा जलस्तर तो कभी भी खुल सकते हैं गेट
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के अनुसार, गोंदा डैम का जलस्तर 2128.00 फीट तक पहुंचने पर डैम के गेट किसी भी समय खोले जा सकते हैं. ऐसे में डैम के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का संक्रमण, 30 दिनों में मिले 36 मरीज; बच्चों में संक्रमण ज्यादा
गेट खुलने से पहले तीन बार बजेगा सायरन
प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर जरूरी इंतजाम किये हैं. डैम का गेट खोलने से पहले तीन बार सायरन बजाया जायेगा, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को समय रहते इसकी सूचना मिल सके और वे सुरक्षित स्थान की ओर जा सकें.
डैम के आसपास रहने वालों से सतर्क रहने की अपील
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने डैम के किनारे और आसपास रहने वाले सभी आम नागरिकों से पूरी तरह सचेत और सतर्क रहने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लें और किसी भी तरह के खतरे या अप्रिय घटना से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें.
सायरन सुनते ही रहें अलर्ट
डैम का गेट खोले जाने से पहले तीन बार सायरन बजाने की व्यवस्था इसलिए की गयी है, ताकि लोगों को पहले ही चेतावनी मिल सके. ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों को सायरन की आवाज सुनते ही सतर्क हो जाना चाहिए और डैम के किनारे जाने या वहां रुकने से बचना चाहिए.
ये भी पढ़ें: बारिश में बढ़ा डेंगू-मलेरिया का प्रकोप, झारखंड में 25 हजार मलेरिया मरीज; डेंगू के 79 केस
