रांची. गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान 33 केवी की भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त करने के आरोप में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में एम/एस परफेक्ट के साइट इंचार्ज अंकित कुमार को अभियुक्त बनाया गया है.
प्राथमिकी के अनुसार, घटना छह अप्रैल 2026 की रात करीब 1.30 बजे ओल्ड एचबी रोड स्थित केसर हॉस्पिटल के पास हुई. विद्युत आपूर्ति शाखा, बरियातू के नित्यानंद कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया है कि एम/एस परफेक्ट की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए एचडीडी मशीन से काम कराया जा रहा था.
आरोप है कि साइट इंचार्ज की निगरानी में आवश्यक सावधानी नहीं बरते जाने के कारण 33 केवी की भूमिगत बिजली केबल क्षतिग्रस्त हो गयी. इससे 33 केवी पानी टंकी मोटर फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी.
प्राथमिकी में बताया गया है कि केबल क्षतिग्रस्त होने से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड को करीब 16,70,251 रुपये की आर्थिक क्षति हुई. शिकायतकर्ता ने घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. सदर थाना पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
