रांची. गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को है. भगवान गणेश की छोटी-छोटी प्रतिमाओं से लेकर उनके वस्त्र, माला, मंडप आदि की बिक्री शुरू हो गयी है. बाजार में भगवान गणेश की प्रतिमाएं हर साइज में उपलब्ध हैं. कई जगहों पर छोटे-बड़े मंडप भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, जिनमें गणपति की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. पूजा दुकानों में पांच इंच से लेकर तीन फीट तक की प्रतिमाएं मिल रही हैं. भगवान गणेश की प्रतिमाएं कोलकाता और बंता से मंगायी गयी हैं. कच्ची मिट्टी, डेकोरेटेड और प्लेन प्रतिमाएं शामिल हैं.
250 से 4500 रुपये तक की प्रतिमाएं
बाजार में प्लेन गणेश प्रतिमाएं छह इंच से तीन फीट तक की हैं, जिनकी कीमत 250 से 1500 रुपये तक है. वहीं, डेकोरेटेड प्रतिमाएं 350 से 2000 रुपये, वस्त्र वाली प्रतिमाएं 300 से 4500 रुपये और कच्ची मिट्टी की प्रतिमाएं 350 से 3000 रुपये तक के रेंज में बिक रही हैं. इधर, बाजार में चावल का मोदक, खोवा का मोदक और बुंदिया का मोदक भी तैयार होने लगे हैं.
