रांची. राजधानी रांची का जिमखाना क्लब रविवार शाम संगीत के रंग में रंगा नजर आया. फ्लेमिंगो म्यूजिक फेस्टिवल के तहत आयोजित लाइव कंसर्ट में पांच हजार से अधिक संगीत प्रेमी शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत शाम छह बजे हुई, लेकिन असली जोश रात नौ बजे देखने को मिला जब मशहूर गायक, गीतकार और संगीतकार गजेंद्र वर्मा ने मंच संभाला. गजेंद्र वर्मा ने जैसे ही परफॉरमेंस शुरू की, माहौल में जादू सा छा गया. ”तेरा घाटा”, ”तेरे बिन”, ”लग जा गले” जैसे लोकप्रिय गानों पर बच्चों, युवाओं, महिलाओं और परिवारों ने जमकर डांस किया. प्रशंसकों के वन मोर, वन मोर… के नारों के बीच उन्होंने कई हिट गाने पेश किये और समा बांधे रखा.
हिट गानों की झड़ी, मस्ती का आलम
गजेंद्र वर्मा ने ”इसमें तेरा घाटा, मेरा कुछ नहीं जाता” को दर्शकों की डिमांड पर दोबारा गाया, जिससे उत्साह चरम पर पहुंच गया. ”कितना मजा आयेगा”, ”जा ये इश्क तेरा”, ”मिलो न तुम तो दिल घबराये”, ”सुबह होने ना दे” जैसे गीतों पर भी भीड़ ने दिल खोलकर नृत्य किया. उन्होंने अपने एलबम ”खालीपन” और ”तूने मेरे जाना” से भी मशहूर गीत प्रस्तुत किये. रांची के मौसम को समर्पित करते हुए गजेंद्र वर्मा ने ”यूं ही बरस बरस जरा…” गाना जब पॉप मिक्स के साथ गाया तो माहौल और भी खुशनुमा हो गया.परिवारों से लेकर युवा तक, सबने किया डांस
फ्लेमिंगो म्यूजिक फेस्टिवल में महज युवा ही नहीं, चार साल के बच्चों से लेकर 60 वर्ष तक के श्रोताओं ने भी भाग लिया. कोई ग्रुप बनाकर तो कोई अपने परिवार के साथ संगीत का आनंद ले रहा था. स्टेज के पास दर्शक मोबाइल से सेल्फी लेते नजर आये. जिमखाना क्लब का माहौल एक शानदार संगीत उत्सव में बदल गया.शानदार इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था
क्लब परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था. दर्शकों के लिए वीआइपी, डायमंड, प्लेटिनम और गोल्ड जोन बनाये गये थे. खाने-पीने के लिए फूड स्टॉल और आकर्षक हैंगर लगाये गये थे. पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे, जिससे सभी ने निर्बाध रूप से मस्ती का आनंद लिया.रांची के कलाकारों ने भी झुमाया
कार्यक्रम की शुरुआत में रांची के कलाकार एल्विन रोजरिओ और डीजे नेत्रा ने भी शानदार प्रस्तुति दी. फ्लेमिंगो म्यूजिक फेस्टिवल ने संगीत, कला और जीवनशैली को एक साथ जोड़ते हुए राजधानीवासियों को एक यादगार संध्या भेंट की.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
