रांची. झारखंड की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. राज्य में पहली बार सीनियर महिला फुटबॉल लीग का आयोजन होने जा रहा है. प्रतियोगिता 27 सितंबर से 15 अक्तूबर तक खेलगांव, रांची में होगी. ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआइएफएफ) की आधिकारिक और झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन (जेएफए) से मान्यता प्राप्त इस लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता में युवा, जेएसएसपीएस, स्टार वॉरियर एफसी, शारदा फुटबॉल एकेडमी, जीटी डार्क हॉर्स और स्वामी विवेकानंद फुटबॉल क्लब की टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जायेंगे.
आइडब्ल्यूएल-2 तक पहुंचने का अवसर
लीग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह राज्य की महिला खिलाड़ियों को इंडियन वुमेंस लीग-2 (आइडब्ल्यूएल-2) तक पहुंचने का आधिकारिक मार्ग उपलब्ध करायेगी. इससे खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. आयोजकों के अनुसार, लीग का उद्देश्य झारखंड में महिला फुटबॉल के लिए नियमित और मजबूत प्रतिस्पर्धात्मक मंच तैयार करना है.
आयोजन की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता का आयोजन बीइडीएक्स वेंचर्स और क्रूसेडर्स फुटबॉल क्लब की ओर से किया जा रहा है. आयोजकों का दावा है कि मुकाबले निर्धारित प्रतियोगिता नियमों और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मानकों के अनुरूप कराये जायेंगे.
