झारखंड चेंबर चुनाव की तारीख तय, 31 अगस्त से नामांकन; 13 सितंबर को होगा मतदान

फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव की तारीख घोषित. 13 सितंबर को होगा मतदान, नामांकन 31 अगस्त से शुरू. जानें पूरी चुनावी प्रक्रिया.

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआइ) के चुनाव की तारीख तय होते ही कारोबारी संगठन में चुनावी सरगर्मी तेज हो गयी है. आगामी 13 सितंबर को हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में होने वाले चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. कई दावेदार चेंबर सदस्यों से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं. कोई पुराने संपर्कों को मजबूत कर रहा है, तो कोई नये सदस्यों के बीच अपनी पकड़ बनाने की कोशिश में जुटा है.

चुनाव में 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के साथ झारखंड के छह प्रमंडलों के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का भी चुनाव होना है. विभिन्न पदों पर दावेदारी को लेकर कारोबारी संगठनों और चेंबर सदस्यों के बीच चर्चा तेज हो गयी है. नामांकन की तारीख तय होने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है.

31 अगस्त से एक सितंबर तक होगा नामांकन

चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर की अध्यक्षता में हुई चुनाव समिति की बैठक में नामांकन की तिथियां निर्धारित की गयीं. इच्छुक प्रत्याशी 31 अगस्त से एक सितंबर शाम चार बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. वहीं, तीन सितंबर को दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा. इसी दिन नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जायेगी और इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी.

ये भी पढ़ें- रांची में हड़ताल पर अड़े आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर, 31 अगस्त को करेंगे सीईओ कार्यालय का घेराव

एक साल पुराने सदस्य लड़ सकेंगे चुनाव

चुनाव पदाधिकारी के अनुसार, जिन सदस्यों को चेंबर की सदस्यता लिये एक वर्ष पूरा हो चुका है, वे कार्यकारिणी समिति और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकेंगे. ऐसे में पुराने सदस्यों के साथ सक्रिय कारोबारी प्रतिनिधियों की दावेदारी भी देखने को मिल सकती है. नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि 21 कार्यकारिणी सदस्यों और छह क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के पदों के लिए कितने प्रत्याशी मैदान में हैं.

मैदान में उतरने की तैयारी में कई संभावित प्रत्याशी

चेंबर चुनाव को लेकर अब तक कई नाम चर्चा में आ चुके हैं. इनमें रोहित अग्रवाल, डॉ. अभिषेक रामाधीन, मुकेश अग्रवाल, मनीष सर्राफ, तुलसी पटेल और शैलेंद्र कुमार सुमन की टीम पी-21 का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है. हालांकि, नामांकन के दौरान कई नये चेहरे भी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं. संभावित प्रत्याशियों ने सदस्यों से संपर्क और समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है.

ये भी पढ़ें- नाबालिग ने दिया मृत नवजात को जन्म, आरोपी महिला गिरफ्तार; आंगन में दफन था शव

औद्योगिक व्यवस्था बेहतर बनाने पर हो फोकस: आदित्य

चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने चुनाव की तैयारी कर रहे सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत किसी की भी हो, नये नेतृत्व से उम्मीद है कि वह सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय कर झारखंड की औद्योगिक व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम करेगा.

उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित में बेहतर नीतियां बनें और राज्य में कारोबार के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो, इस दिशा में चेंबर की भूमिका महत्वपूर्ण है. चुनाव के बाद नयी कार्यकारिणी को व्यापारी और उद्योग जगत की समस्याओं को मजबूती से सरकार के समक्ष रखने के साथ उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करनी होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Uttam kumar mahato

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >