रांची. बहुबाजार स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक ब्यॉज कॉलेज के दो हॉस्टल में पासआउट विद्यार्थियों के रहने का मामला सामने आया है. कॉलेज प्रशासन की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने ऐसे सभी छात्रों को तत्काल हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया है. इसके बावजूद अब तक किसी छात्र ने हॉस्टल खाली नहीं किया है.
पासआउट छात्रों पर मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत
कुछ दिन पहले कॉलेज के थर्ड सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने पासआउट छात्रों पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कॉलेज प्रशासन से शिकायत की थी. इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी. जिला प्रशासन की ओर से पासआउट छात्रों को हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया गया था.
छुट्टी के दिन हॉस्टल पहुंच गये प्रथम वर्ष के छात्र
इधर, सोमवार को कॉलेज में छुट्टी होने के बावजूद प्रथम वर्ष में नामांकित कई छात्र कॉलेज परिसर पहुंच गये. छात्रों का कहना था कि उन्हें सीनियर छात्रों ने हॉस्टल में रहने के लिए बुलाया है. हालांकि, कैंपस में मौजूद पुलिस ने उन्हें हॉस्टल में जाने से रोक दिया. इसके बाद मौके पर हंगामा होने लगा.
प्राचार्य ने समझाया, अलॉटमेंट के बाद ही मिलेगा प्रवेश
मामले की जानकारी मिलने पर प्राचार्य डॉ ए रहमान समेत अन्य शिक्षक कॉलेज पहुंचे. उन्होंने छात्रों को समझाया कि जब तक हॉस्टल का अलॉटमेंट नहीं हो जाता, तब तक किसी भी छात्र को हॉस्टल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी. इसके बाद छात्रों को वापस भेजा गया.
