पूरा राज्य लू की चपेट में, केजी से आठवीं तक की कक्षाएं अगले आदेश तक बंद

पूरा झारखंड अब लू की चपेट में आ गया है. राज्य के 20 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि को पार कर गया है. रांची का तापमान भी 40 डिग्री सेसि के करीब पहुंच गया है.

विशेष संवाददाता (रांची).

पूरा झारखंड अब लू की चपेट में आ गया है. राज्य के 20 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि को पार कर गया है. रांची का तापमान भी 40 डिग्री सेसि के करीब पहुंच गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में केजी से आठवीं तक की कक्षाएं अगले आदेश तक के लिए स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया है. मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अब पूरा राज्य लू की चपेट में है. इससे जनजीवन प्रभावित हो गया है. हालांकि, पांच मई को राज्य के कई इलाकों में गर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है. इसके एक-दो दिन थोड़ी राहत मिल सकती है. सोमवार को सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा का रहा. जहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद सरायेकाल का 45.1 डिग्री सेसि, गोड्डा का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेसि तथा जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेसि तक पहुंच गया.

एक ही दिन में राजधानी में 0.9 डिग्री बढ़ा तापमान :

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान सोमवार को 39.6 डिग्री सेसि रहा, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेसि था. यानि 24 घंटे में राजधानी का तापमान 0.9 डिग्री सेसि बढ़ा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है. रांची में हल्के बादल मंडराते नजर आये, लेकिन सूरज की तीखी रोशनी से लोगों को निजात नहीं दिला सके. मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जतायी है. उधर, पश्चिम सिंहभूम स्थित मझगांव में पिछले 24 घंटे में 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी है.

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने जारी किया आदेश – अभी नौवीं और इससे ऊपर की कक्षाएं ही चलेंगी :

रांची. झारखंड में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़नेवाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए केजी से लेकर आठवीं कक्षा तक की कक्षाएं अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी गयी हैं. यह आदेश राज्य में संचालित सभी विद्यालयों, निजी समेत में 30 अप्रैल से लागू कर दिया गया है. इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने आदेश जारी कर दिया है. आदेश में कहा गया है कि नाैवीं से ऊपर की कक्षाएं सुबह सात बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जायेंगी. इस अवधि में प्रार्थना सभा या खेलकूद सहित अन्य बाहरी गतिविधियां संचालित नहीं की जायेंगी. आवासीय विद्यालय पूर्व की भांति यथावत संचालित रहेंगे. आदेश शिक्षकों व शिक्षकेत्तर कर्मियों पर लागू नहीं होगा. वे प्रतिदिन विद्यालय की निर्धारित अवधि में उपस्थित होकर तय कार्य करना सुनिश्चित करेंगे. पहली से सातवीं कक्षा तक की वार्षिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करते हुए परीक्षाफल प्रकाशन, रिपोर्ट कार्ड की तैयारी, छात्रवार विद्यार्थियों के प्राप्तांक को ई-विद्यावाहिनी में ऑनलाइन प्रविष्टि करने का कार्य इस दौरान पूरा करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >